कोरोना वायरस की महामारी के कारण भारत की अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर शून्य से नीचे माइनस 24 फ़ीसदी चली गई है लेकिन अयोध्या की तस्वीर कुछ और ही है.
अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमि पूजन के बाद यहां की प्रॉपर्टी की क़ीमत आसमान छूने लगी है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार अयोध्या में ज़मीन ख़रीदना अब आम आदमी के बस की बात नहीं रही.
”अयोध्या में अभी ज़मीन की क़ीमत 2000-3000 रुपए प्रति वर्ग फ़ीट हो गई है. सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले से पहले यहां 900 रुपए वर्ग फ़ीट की दर पर ज़मीन आसानी से मिल जाती थी.”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में कई बड़े इन्फ़्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट की घोषणा की थी. इनमें थ्री स्टार होटल, इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ अयोध्या को भारत का वैटिकन सिटी बनाने का वादा किया है. इसके बाद से यहां ज़मीन की मांग अचानक से बढ़ गई है.
अयोध्या भारत की राजनीति में दशकों से केंद्र में रही है और अब यह भव्य राम मंदिर को लेकर चर्चा में है. राज्य सरकार की इन्फ़्रास्ट्रक्चर के लिए बड़े पैमाने पर ज़मीन अधिग्रहण करने वाली है. ऐसे में लोग ज़मीन में निवेश कर रहे हैं. लोगों को लग रहा है कि ज़मीन ख़रीदने के बाद राज्य सरकार चब इनका अधिग्रहण करेगी तो और ऊंची क़ीमत मिलेगी.