Homeप्रमुख खबरेंग्वालियर के ग्रामीण अंचल में एकात्म यात्रा का जोरदार स्वागत चीनोर डबरा...

ग्वालियर के ग्रामीण अंचल में एकात्म यात्रा का जोरदार स्वागत चीनोर डबरा भितरवार में उमड़ा जनसमूह

भारतीय आध्यात्मिक शक्ति के अविरल प्रवाह से ग्वालियर जिले का ग्रामीण अंचल सराबोर हो गया। सनातन संस्कृति के प्रणेता और भारत को राष्ट्रीय एकता के सूत्र में पिरोने वाले आदि गुरू शंकराचार्य की प्रतिमा निर्माण के लिये धातु संग्रहण और जन जागरण के उद्देश्य से निकली “एकात्म यात्रा” गुरूवार को जिले के ग्रामीण अंचल में पहुँची। 
उज्जैन से शुरू हुई इस एकात्म यात्रा के साथ महामण्डलेश्वर स्वामी प्रणवानंद जी महाराज, महामण्डलेश्वर स्वामी राधे-राधे जी महाराज और इस यात्रा के प्रभारी एवं राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक सहित अन्य संतजन यात्रा के साथ चल रहे थे। गुरूवार को एकात्म यात्रा ने शीतला माता मंदिर तिराहे से जिले के ग्रामीण अंचल में प्रवेश किया। यहाँ से यह यात्रा नौगाँव, सांतऊ, अमरोल, चकशीतलपुर व भागीरथ का पुरा होते हुए चीनौर पहुँचीं। जहाँ पर यात्रा के तहत जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके बाद यात्रा घरसोंदी, छीमक, महाराजपुरा व बारोल होते हुए डबरा के स्टेडियम में पहुँची और वहाँ पर जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुई। इसी क्रम में एकात्म यात्रा डबरा से लोहगढ़, जतरथी, झाड़ोली व करियावटी होते हुए भितरवार पहुँची और यहाँ पर जन संवाद कार्यक्रम हुआ।
एकात्म यात्रा ने धूमेश्वर पहुँचकर रात्रि विश्राम किया। एकात्म यात्रा का अमरौल व चीनौर में ऐतिहासिक स्वागत किया गया। इसके अलावा मार्ग में पड़ने वाले अन्य गाँवों व कस्बों में भी यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। एकात्म यात्रा के स्वागत के लिये जगह-जगह वंदनवार बनाए गए थे। बड़ी संख्या में महिलायें और बालिकायें सिर पर मंगल कलश धारण किए हुए यात्रा के आगे-आगे चलीं। साथ ही मार्ग में पुष्प वर्षा और हरि कीर्तन के साथ “एकात्मय यात्रा” का भव्य स्वागत किया गया।
एकात्म यात्रा का शीतला माता मंदिर तिराहे से जिले के ग्रामीण अंचल में प्रवेश करने पर विधायक भारत सिंह कुशवाह, जिला अंत्योदय समिति के उपाध्यक्ष बज्जर सिंह गुर्जर व वीरेन्द्र जैन ने यात्रा की अगवानी की। साथ ही अपने सिर पर पादुका व कलश धारण किए। एकात्म यात्रा के संभागीय प्रभारी राजेश सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव, यात्रा के समन्वयक हरीश मेवाफरोश तथा सर्वश्री जितेन्द्र सिंह रावत, जवाहर सिंह रावत, सूर्यभान सिंह पवैया, नगर पालिका डबरा की अध्यक्ष श्रीमती आरती मौर्य, जनपद पंचायत डबरा की अध्यक्ष श्रीमती सीमा परिहार, नगर पालिका भितरवार की अध्यक्ष श्रीमती कमलेश यादव व संत रामदास त्यागी, कप्तान सिंह सहसारी सहित अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण इस यात्रा में शामिल हुए। 
डबरा में हुए जन संवाद कार्यक्रम में वीरेन्द्र जैन व चीनौर में राजेश दुबे ने संकल्प पत्र का वाचन कराया। यात्रा में डबरा की एसडीएम श्रीमती शीतला पटले, एसडीएम झाँसी रोड़ राघवेन्द्र पाण्डेय व एसडीएम भितरवार इकबाल मोहम्मद भी शामिल हुए। डबरा के जन संवाद कार्यक्रम में धूमेश्वर के महंत अनिरूद्ध वन तथा फादर जोसेफ, हाफिज जाकिर हुसैन सहित अन्य धर्मगुरू मंचासीन थे। इस दौरान जन अभियान परिषद के संभागीय समन्वयक सुशील बरूआ व जिला समन्वयक श्री मुनेन्द्र शेजवार भी सम्पूर्ण यात्रा के दौरान मौजूद रहे
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments