घर-घर जाकर गोबर कलेक्शन करेगें-निगमायुक्त
ग्वालियर- नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कन्याल ने डेयरी संचालको के साथ बैठक कर कहा कि शहर में डी ेयरी संचालकों द्वारा गोबर सार्वजनिक जगह पर डालने से गंदगी फैलती है तथा सीवर लाइन में गोबर बहाने से सीवर चौक हो जाती है। जिससे आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पडता है। इसके साथ ही गोबर को रोड पर डालने से शहर की स्वच्छता पर भी प्रभाव पडता है। गोबर रोड पर न डले इसके लिए हम एक वैकल्पिक व्यवस्था करने जा रहे हैं जिसमें प्रत्येक डेयरी संचालक के घर से गोबर उठाने का कार्य निगम द्वारा किया जाएगा। जिससे आने वाले समय में हमारा शहर स्वच्छता में अव्वल आये।
निगमायुक्त श्री कन्याल ने बाल भवन स्थित सभागार में डेयरी संचालको के साथ बैठक कर कहा कि जब तक ग्वाला नगर पूरी तरह से सुविधायुक्त नहीं हो जाता है तब तक हम गोबर उठाने के लिए एक वैकल्पिक व्यवस्था करने जा रहे हैं। जिसमें निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में सर्वे कराया जा रहा है कि किस पशु पालक पर कितने पशु हैं तथा वह किस कॉलोनी में डेयरी संचालित करते हैं। यह सर्वे हो जाने के बाद डेयरियों को रूट तैयार हो जाने पर, प्रत्येक डेयरी संचालक के घर जाकर गोबर उठायेगें। इसके बाद अगर कोई डेयरी संचालक गोबर सार्वजनिक जगह या रोड पर फैंकता है तो उस पर जुर्माने की कार्यवाही की जाएगी।
निगमायुक्त ने कहा कि माननीय न्यायालय के आदेशानुसार डेयरी संचालको कों नगर निगम सीमा के बाहर बसाने के लिए नगर निगम ने शहर के चारो तरफ ग्वाला नगर बसाये हैं। वहां पर पशुपालक डेयरी संचालक कर सकते हैं। इसके लिए निगम द्वारा एक व दो हजार वर्ग फुट के प्लॉट डेयरी संचालकों को दिये जा रहे हैं। पहला ग्वाला नगर पिपरोली में बसाया जा रहा है। जहां चारो तरफ फैंसो की सुरक्षा के लिए तार फेंसिग हो चुकी है तथा मुरम की रोड डल चुकी है। 10 प्रतिशत राशि के साथ आप अपना प्लॉट बुक करा सकते हैं।