मरने वालों में दो सगे भाई भी शामिल
ग्वालियर। गणेश विसर्जन के पहले ही दिन एकादशी पर गुरुवार को 4 लोगों की डूबने से मौत हो गई। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र की है। 10 दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान एकादशी पर गुरुवार से गणेश विसर्जन शुरू हो जाता है। लेकिन पहले ही दिन एक बड़ी दुर्घटना हो गई। हादसे के दौरान एक शख्स वीडियो बनता रहा, जिसमे पूरी घटना कैद हुई है|
जानकारी के अनुसार महाराजपुरा थाना क्षेत्र में महाराजपुरा गाँव के कुछ लोग एक खदान में भरे पानी में गणेश प्रतिमा विसर्जन करने गए थे। इनमे कुछ नाबालिग भी शामिल थे । सभी लोग धीरे धीरे पानी में जाने लगे लेकिन खदान की गहराई का अनुमान नहीं होने से गणेश प्रतिमा के साथ ही उसमें डूब गए और उनकी मौत हो गई। डूबने वालों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। घटना में 14 वर्षीय अजय पाल, 15 वर्षीय शुभम गौड़ 17 वर्षीय सतीश बघेल और 18 वर्षीय सूरज पाल की मौत हो गई जिनमें अजय और सूरज सगे भाई बताये गए हैं।