ग्वालियर, 9 अगस्त 2026/ सकल ब्राह्मण महासमिति द्वारा ग्वालियर में पहली बार श्री हजारेश्वर महादेव मंदिर, गेंडे वाली सड़क पर एक हजार जलधाराओं से सहस्त्रधारा रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 10 अगस्त, सोमवार प्रदोष के अवसर पर दोपहर 12:30 बजे से होगा।
यह जानकारी पत्रकार वार्ता में सकल ब्राह्मण महासमिति के संस्थापक डॉ. जयवीर भारद्वाज, महामंत्री डॉ. मुन्नालाल शर्मा, कोषाध्यक्ष योगेंद्र दीक्षित, महिला संयुक्त अध्यक्ष संगीता शर्मा एवं महिला महामंत्री रचना गौड़ ने दी।
महासमिति के अनुसार रुद्राभिषेक में त्र्यंबकेश्वर-गोदावरी, ओंकारेश्वर, महाकाल, काशी विश्वनाथ और गंगोत्री से लाए गए गंगाजल का समावेश किया जाएगा। श्री 1008 शिवलिंग श्री हजारेश्वर महादेव का एक साथ एक हजार जलधाराओं से अभिषेक 11 ब्राह्मणों द्वारा किया जाएगा।
आयोजन का उद्देश्य पर्याप्त वर्षा, आर्थिक विकास, सभी के सुख-समृद्धि, शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करना है।
संत-महात्मा देंगे आशीर्वचन
सहस्त्रधारा रुद्राभिषेक कार्यक्रम में जगतगुरु आनंदेश्वर महाराज, संत सच्चिदानाथ जी ढोली बुआ महाराज और महंत कमलदास जी महाराज सनातन धर्म से संबंधित ज्ञानवर्धक विचारों के साथ श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देंगे।
कार्यक्रम के मुख्य यजमानों में राजकिशोर-दिव्या शर्मा, डॉ. जयवीर-विजयलक्ष्मी भारद्वाज, रामबाबू नर्मदा कटारे, जितेंद्र-संगीता राजोरिया, प्रकाश नारायण शर्मा, बीना भारद्वाज, रामनारायण मिश्रा, एच.बी. शर्मा, तीरथ मिश्रा, के.जी.-मधु दुबे, शैलेंद्र-सुधा दीक्षित एवं प्रदीप तिवारी शामिल हैं।
सभी समाजों को निशुल्क भागीदारी का आमंत्रण
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक राजकिशोर शर्मा तथा मुख्य आचार्य पंडित गिरिराज गुरुजी, पंडित ब्रह्मदत्त पाण्डेय शास्त्री, सुनील शास्त्री एवं महंत सतीश शर्मा केदारपुर ने बताया कि सहस्त्रधारा रुद्राभिषेक में सभी समाजों तथा ब्राह्मण समाज के विभिन्न उपवर्गों एवं संगठनों के प्रमुखों और शिवभक्तों को निशुल्क भागीदारी के लिए आमंत्रित किया गया है।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही रुद्राभिषेक में उपयोग किए गए पवित्र जल को शीशियों में प्रसाद स्वरूप शिवभक्तों को निशुल्क वितरित किए जाने की व्यवस्था की गई है।
महिला संयोजिका के रूप में अंजू दीक्षित, शशि शर्मा, अल्का मिश्रा एवं किरण मिश्रा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।