नेशनल एयर क्लीन प्रोग्राम के अंतर्गत वायु सुधार कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
ग्वालियर / ग्वालियर शहर की एयर क्वालिटी में 13 प्रतिशत की सकारात्मक सुधार होने का दावा किया गया है इसके लिए आज संभागीय आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने सभी अधिकारियों को बधाई भी दी है।
नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के अंतर्गत वायु गुणवत्ता सुधार कार्यों की सिटी डेवलपमेंट यूनिट की बैठक संभागीय आयुक्त श्री सक्सेना की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित हुई।
संभागीय आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में शहर में प्रदूषण नियंत्रण के लिये किए जा रहे विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कान्याल, केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक श्री योगेश कुमार सक्सेना, क्षेत्रीय अधिकारी राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल श्री एच एस मालवीय, सिटी प्लानर नगर निगम श्री पवन कुमार सिंघल के साथ ही अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
संभाग आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने बैठक में कहा कि पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट केन्द्र की स्थापना एवं उच्च गुणवत्ता परीक्षण केन्द्रों की स्थापना अतिशीघ्र बढ़ाने की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही नगरीय क्षेत्र में ईंट चिमनी भट्टों से हो रहे प्रदूषण को रोकने की कार्रवाई जिला खनिज अधिकारी करें।
संभागीय आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने यह भी कहा कि नगरीय क्षेत्र में स्थापित इंडस्ट्रीज को सीएनजी से जोड़ने के प्रयास किए जाएं। नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कान्याल ने नगर निगम के माध्यम से शहर में किए जा रहे प्रदूषण नियंत्रण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्वालियर शहर में प्रदूषण एवं वायु क्वालिटी में सुधार कार्य के लिये ग्वालियर को प्रदेश में अव्वल स्थान मिला है। इसके साथ ही केन्द्र द्वारा ग्वालियर को मिलने वाली अनुदान राशि को भी बढ़ाकर 75 प्रतिशत किया गया है।
बैठक में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक डॉ. योगेश कुमार सक्सेना ने प्रदूषण नियंत्रण एवं वायु सुधार के लिये किए जाने वाले महत्वपूर्ण कार्यों पर प्रकाश डाला।