कांग्रेस में जाने से किया इंकार, बोले जनता जो कहेगी वह करूँगा
जयपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे और शिव से भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह जसोल ने शनिवार को पार्टी से औपचारिक रूप से नाता तोड़ लिया। हालांकि उन्होंने अपने आगे के राजनीतिक कदम के बारे में पत्ते अभी नहीं खोले हैं। पार्टी से रिश्ते के बारे में पूछे जाने पर मानवेंद्र ने कहा, ‘मैं अब भाजपा में नहीं हूं।’ इसके साथ ही मानवेंद्र ने कांग्रेस के साथ जाने के सवाल का जवाब ना में दिया। इससे पहले दिन में बाड़मेर के पास पचपदरा में अपनी बहुप्रचारित रैली में भी मानवेंद्र ने ‘कमल का फूल, बड़ी भूल’ कहते हुए पार्टी से नाता तोड़ने का संकेत दिया।
इस स्वाभिमान रैली में बड़ी संख्या में राजपूत व अन्य वर्ग के लोग पहुंचे। रैली को संबोधित करते हुए मानवेंद्र ने कहा कि पार्टी आलाकमान व बड़े नेताओं के कहने पर वह साढ़े चार साल से धैर्य बनाए हुए थे लेकिन अब धैर्य चुक गया है। रैली में कांग्रेस जिंदाबाद के नारों के बीच मानवेंद्र ने ‘कमल का फूल, बड़ी भूल’ कहा।