बिहार में रंगों का त्योहार होली कुछ लोगों के लिए मातम में तब्दील हो गया. राज्य के तीन जिलों में होली के जश्न के दौरान जहरीली शराब पीने से 25 लोगों की मौत हो गई. जहरीली शराब पीने से हुई मौत के बाद जश्न मातम में तब्दील हो गया. माना जा रहा है कि जहरीली शराब पीने से होने वाली मौत का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है.
25 में से 10 मौतें सिर्फ राज्य के बांका जिले में हुई हैं. वहीं, कई लोग जहरीली शराब पीने से अस्पताल में भर्ती हैं. इन घटनाओं के बाद मृतक के परिजनों का कहना है कि सभी मौतें राज्य में छिपाकर बिकने वाली जहरीली शराब की वजह से हुई है.
वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर बांका के एसपी अरविंद कुमार गुप्ता का कहना है कि यह सभी मौतें जहरीली शराब पीने की वजह से हुई है इसकी फिलहाल कोई जानकारी नहीं है. सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आएगी.
भागलपुर में हुई मौत की प्रशासनिक पुष्टि नहीं
भागलपुर के नाथनगर इलाके के साहेबगंज में हुई मौतों के बाद परिजनों का कहना है कि सभी ने होली के दिन शराब का सेवन किया था. मृतक विनोद यादव की पत्नी ने कहा कि शराब पीने के बाद से ही उनके पति की तबीयत कुछ खराब होने लगी. जब तक लोग कुछ कर पाते विनोद ने दम तोड़ दिया. इस घटना में संदीप यादव, विनोद राय, मिथुन कुमार, नीलेश कुमार की मौत की पुष्टि हुई है. इसके अलावा एक युवक शराब पीने के बाद अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.