Homeमध्यप्रदेशटिकट वितरण को लेकर भाजपा में बवाल तोमर शेजवलकर के सामने फूटा...

टिकट वितरण को लेकर भाजपा में बवाल तोमर शेजवलकर के सामने फूटा कार्यकर्ताओं का गुस्सा

नगरीय निकाय चुनाव टिकट वितरण के दो दिन गुजर जाने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी में असंतोष थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार चुनाव कार्यालय के उदघाटन अवसर पर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और सांसद विवेक शेजवलकर को इस असंतोष का प्रत्यक्ष सामना करना पड़ा , टिकट न मिलने से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व के सामने जमकर भड़ास निकाली और यहां तक कह डाला की कुछ नेताओं ने पैसे लेकर टिकिट तय करवाए हैं। सामान्य वार्डों से आरक्षित श्रेणी के नेता को टिकिट दिए जाने  को लेकर भी जमकरआक्रोश व्यक्त किया गया।

ग्वालियर में भाजपा  के केंद्रीय चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान आज असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। नाराज कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण पर विरोध जताते हुए राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के मौजूदगी में नारेबाजी की। नाराज कार्यकर्ताओं ने सांसद विवेक शेजवलकर की कार का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा के एक नेता पर पैसे लेकर टिकट बेचने का गंभीर आरोप लगाया।

भारतीय जनता पार्टी ने आज रविवार को अपने मुख्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया, कार्यक्रम ने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, सांसद विवेक शेजवलकर सहित अन्य नेता मौजूद थे। उद्घाटन समारोह में मौजूद सभी वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर ग्वालियर में भाजपा की महापौर और भाजपा के पार्षदों को जिताने की अपील की।

उद्घाटन समारोह जैसे ही ख़त्म हुआ टिकट नहीं मिलने से नाराज कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और नारेबाजी करने लगे।  उन्होंने पार्टी पर गलत लोगों को टिकट देने के आरोप लगाए। खास बात ये रही की ये सभी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुआ।

नाराज कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के बीच से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने पत्रकारों द्वारा पूछे सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल होने के कारण यहां चुनाव जीतने की छमता वाले कई दावेदार नेता हैं, चूंकि टिकट किसी एक को ही दिया जाना है अतः अन्य कार्यकर्ताओं में थोड़ा असंतोष स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही यह समाप्त हो जाएगा इसके लिए सभी नेता प्रयासरत हैं। उधर विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि जो भी असंतोष है उसे दूर कर दिया जाएगा

इसके बाद राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित अन्य अतिथि वहां से निकल गए।

टिकट नहीं मिलने से नाराज पार्षद पद के दावेदार भाजपा नेताओं ने कहा कि वे लम्बे समय से पार्टी की सेवा कर रहे हैं और अब जब टिकट की बात आई तो पार्टी ने उनकी अनदेखी कर सिंधिया समर्थकों को टिकट दे दिए। नाराज नेताओं ने सामान्य सीट पर ओबीसी वर्ग के प्रत्याशी को टिकट दिए जाने पर भी विरोध जताया।

विरोध जताने वाले भाजपा के कार्यकर्ता वार्ड 21, 50, 53 और 54 सहित अन्य वार्डों में दिए टिकट का विरोध कर रहे थे। वार्ड 21 से दावेदार कार्यकर्ता सतेंद्र सिंह गुर्जर ने एक बड़े नेता पर पैसे लेकर उनका टिकट कटवाने का गम्भीर आरोप भी लगाया।  नाराज नेताओं ने सांसद विवेक शेजवलकर का घेराव किया, उनकी गाड़ी के सामने विरोध प्रदर्शन किया नारेबाजी की।

आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर टिकट नहीं बदला गया तो निर्दलीय चुनाव लड़ना पड़ेगा। हम लोग भाजपा का विरोध नहीं कर रहे हैं, केवल प्रत्याशी का विरोध कर रहे हैं। भाजपा की महापौर उम्मीदवार के पक्ष में काम करेंगे।

मुन्नालाल गोयल ने टिकट बेचाः वार्ड क्रमांक-21 में टिकट के दावेदार सतेंद्र सिंह गुर्जर ने आरोप लगाया कि पैनल में जो नाम थे, उनको दरकिनार कर बृजेश श्रीवास को टिकट मुन्नालाल के दबाव में दिया है। मुन्नालाल गाेयल आधी रात तक कोर कमेटी की बैठक में किस हैसियत से बैठे रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि टिकट पूर्व विधायक गोयल ने ठेका लेकर बेचा है।

वार्ड-50 में बाहरी को टिकट दियाः त्रिलोक सिंह राठौर ने बताया कि वार्ड क्रमांक-50 में बाहरी प्रत्याशी अनिल सांखला को टिकट दिया गया है। जबकि इस वार्ड के कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की गई है। इसे कार्यकर्ता किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments