कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखकर भिण्ड जिला प्रशासन ने लिया निर्णय
भिण्ड/ भिण्ड जिले की मेंहगांव तहसील में स्थित दंदरौआधाम में “बुढ़वा मंगल पर आयोजित होने वाला मेला व अन्य कार्यक्रम नहीं होंगे। भिण्ड जिला प्रशासन ने कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखकर ये आयोजन स्थगित करने का निर्णय लिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से अन्य आदेश तक लागू रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने की दशा में संबंधित के खिलाफ भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 तथा अन्य अधिनियमों के अन्तर्गत कार्यवाही की जायेगी।
ज्ञात हो बुढवा मंगल के दौरान दंदरौआधाम में मेले आदि का आयोजन होता है। जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेते है। वर्तमान में कोरोना वायरस का संक्रमण पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है तथा बुढ़ावा मंगल में आयोजित होने वाले आयोजन/ मेले में प्रदेश व अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं में कोरोना वायरस के संक्रमण फैलने की प्रबल संभावना है। इस बात को ध्यान में रखकर भिण्ड जिला प्रशासन ने बुढवा मंगल पर दंदरौआधाम पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया है।