भोपाल 3 जुलाई 2026/अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला अब सियासी रंग लेने लगा है. मध्य प्रदेश पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 2 अक्टूबर से महाकाल मंदिर उज्जैन से राम लला मंदिर अयोध्या तक पदयात्रा करेंगे. यह यात्रा गैर राजनीतिक होगी. साथ ही उन्होंने अपने भोपाल स्थित निवास के बाहर राम मंदिर के चंदा चोरों और चढ़ावा चोरों के प्रवेश निषेध का एक बैनर लगाया है.
बता दें कि राम मंदिर में दान चोरी का मामला तूल पकड़ लिया है. इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और वे जेल हिरासत में हैं और एसआईटी ने इस मामले की जांच शुरू की है. इस बीच इस पर सियासत भी गरमा गई है.
दिग्विजय ने घर के बाहर लगाया पोस्टर
दिग्विजय सिंह ने भोपाल स्थित अपने सरकारी निवास के बाहर एक पोस्टर लगाया है, जिसमें लिखा है कि चंदा चोरों का प्रवेश उनके घर में निषेध है. दिग्विजय सिंह ने यह अपील कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और आम लोगों से भी की है कि वह अपने घर के बाहर इसी तरह का पोस्टर लगाए और उसमें लिखें कि चंदा चोर उनके घर में प्रवेश न करें.
यह यात्रा बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से 2 अक्टूबर यानी कि गांधी जयंती के दिन शुरू होगी और यह यात्रा का समापन श्री राम की नगरी अयोध्या में होगा.
दिग्विजय सिंह ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने वकील से बातचीत की और कहा कि उन्होंने भी राम मंदिर के लिए दान दिया था अब वह दान चोरी हुआ है. इसलिए वह भी अब FIR इसे लेकर करवा सकते हैं. दिग्विजय सिंह 5 या 6 जुलाई को अयोध्या पहुंचेंगे और वहीं पर चंदा चोरी के खिलाफ मामला दर्ज करवाएंगे.