ग्वालियर /भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी जवाहर प्रजापति को लेकर पार्टी की महापौर पद की प्रत्याशी सुमन शर्मा द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी के बाद प्रजापति समाज सहित कई अन्य पिछड़ा वर्ग संगठनों में व्याप्त आक्रोश ने भाजपा के नीति निर्धारकों की नींद उड़ाकर रख दी है।
इसका असर आज उस वक्त देखने को मिला जब अमर्यादित टिप्पणी करने वाली ग्वालियर की महापौर प्रत्याशी सुमन शर्मा अपनी इस गलती पर माफी मांगती नजर आईं। चूंकि अब मतदान में चंद घण्टे का ही समय शेष बचा है अतः भाजपा ने अपने अधिकृत सोशल मीडिया एकाउंट से माफी वाले वीडियो को बाकायदा वायरल किया गया ताकि महापौर प्रत्याशी के खिलाफ भड़के गुस्से को शांत किया जा सके। इस वायरल वीडियो में सुमन शर्मा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी जवाहर प्रजापति के साथ दिखाई दे रही हैं साथ ही कह रही हैं कि उनकी बात से प्रजापति समाज को कोई कष्ट हुआ है तो वह उसके लिए क्षमा मांगती हैं। वीडियो में सुमन शर्मा भाजपा के पक्ष में मतदान की बात भी कह रही हैं। उल्लेखनीय है कि विगत दिवस भाजपा के कद्दावर नेता अनूप मिश्रा के चुनाव प्रचार में प्रेसवार्ता के दौरान नाराजगी के बाद सुमन शर्मा श्री मिश्रा के घर पहुंचकर उन्हें मनाती दिखाई दी थीं साथ ही इसका ठीकरा जवाहर प्रजापति पर फोड़ते हुए उन्होंने प्रजापति पर अमर्यादित टिप्पणी की थी तभी से उनके खिलाफ प्रजापति समाज सहित कई अन्य संगठनों ने रोष व्यक्त किया था।