Homeदेशधार में भाजपा प्रत्याशी को पहनाई जूतों की माला

धार में भाजपा प्रत्याशी को पहनाई जूतों की माला

मध्यप्रदेश के धार जिले की धामनोद नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दिनेश लालचंद शर्मा को जनसम्पर्क के दौरान एक मतदाता ने जूतों की माला पहना दी। शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी नाराजगी जाहिर करने का अधिकार है। जूतों की माला पहनाने वाला व्यक्ति कोई उनका अपना ही होगा, जो सम्भवत: उनसे नाराज है। वे स्वयं उससे मिलकर उसकी नाराजगी जानकर समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे। शर्मा धामनोद विधानसभा क्षेत्र से विधायक कालू सिंह ठाकुर के वर्तमान विधायक प्रतिनिधि भी हैं।

जूतों की माला पहनाने वाले धामनोद के वार्ड क्रमांक 4 गुर्जरा क्षेत्र निवासी 65 वषीर्य सीताराम पाटीदार ने बताया कि वे भाजपा के ही कार्यकर्ता हैं। उनका क्षेत्र बीते पांच वर्षों से पेयजल की समस्या से जूझ रहा है। जिसकी शिकायत कई बार करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा था। इस कारण उन्होंने जूतों की माला पहनाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया है। धामनोद के  22 हजार सात सौ से अधिक मतदाताओं को आगामी 17 जनवरी को नगर परिषद का आगामी अध्यक्ष चुनना है। भाजपा के साथ कांग्रेस, शिवसेना, बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवारों सहित कुल पांच उम्मीदवार अध्यक्ष पद के लिए अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments