पार्षदों को निर्वाचन के समय अपना पहचान पत्र लेकर आना अनिवार्य,निर्वाचन हॉल में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित
ग्वालियर 09 जुलाई 2026/ नगर निगम ग्वालियर की अपील समिति के एक सदस्य (अनारक्षित) के निर्वाचन हेतु 10 जुलाई को नगर निगम परिषद सम्मेलन स्थल पर दोपहर 2.30 बजे से निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने वाले समस्त निर्वाचकगण (पार्षदगण) अपनी आईडी (पहचान पत्र) साथ लेकर आयेंगे तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सम्मिलित समस्त निर्वाचकगणों को परिषद हॉल में मोबाइल लेकर जाना प्रतिबंधित रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने गुरुवार को दोपहर निगम परिषद कार्यालय पहुँचकर परिषद हॉल का निरीक्षण किया और निर्वाचन के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, अपर कलेक्टर श्री सी बी प्रसाद, अपर कलेक्टर श्री अनिल बनवारिया, एसडीएम श्री अतुल सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम श्री प्रदीप तोमर व श्री मुनीष सिकरवार एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने नगर निगम की अपील समिति के एक सदस्य के निर्वाचन के संबंध में अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए समय-सीमा में सभी व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंधन किए जायेंगे।