इंदौर के सिमरोल थाना क्षेत्र में अंकसूची न मिलने से गुस्साए के पूर्व छात्र ने सोमवार को महिला प्राचार्य पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। प्राचार्य करीब 90 प्रतिशत जल गई हैं और गंभीर हैं। सिमरोल थाना पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 4.30 बजे सिमरोल स्थित बीएम कालेज की प्राचार्य विमुक्ता शर्मा कालेज से घर जाने के लिए निकली थीं। वे पार्किंग में खड़ी कार के पास बेलपत्र तोड़ रही थीं। इसी दौरान कालेज का पूर्व छात्र आशुतोष पुत्र संतोष श्रीवास्तव निवासी नागदा, उज्जैन डिब्बे में पेट्रोल लेकर आया और उन पर छिड़क दिया। वे कुछ समझ पातीं, इससे पहले उसने आग लगा दी। गंभीर अवस्था में उन्हें इंदौर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डीआइजी ग्रामीण चंद्रशेखर सोलंकी के मुताबिक कालेज में प्राचार्य को आग लगाने के मामले में आरोपित आशुतोष को गिरफ्तार कर लिया है।