Homeप्रमुख खबरेंपूर्व सैनिक सेवा परिषद भवन बनेगा सेवा और प्रेरणा स्थली : पांडेय

पूर्व सैनिक सेवा परिषद भवन बनेगा सेवा और प्रेरणा स्थली : पांडेय

पूर्व सैनिक सेवा परिषद भवन का किया भूमिपूजन

ग्वालियर22 जून 2026/ग्वालियर-चंबल अंचल की भूमि वीरों की भूमि है। सेना में इस अंचल के सबसे ज्यादा जवान हैं। भीषण गर्मी और सर्दी में जवान सीमा पर तैनात होकर देश की सतत रक्षा करते हैं। उन्हीं की वजह से हम सभी आजाद होकर खुले में सांस ले पा रहे हैं। इसलिए समाज का भी दायित्व बनता है कि हमारे जाबांज जवान जब सीमा पर पहरा दे रहे हों या आतंकियों का सामना कर रहे हों तो वह अपने परिजनों को लेकर निश्चिंत रहें। उनकी जमीन पर कोई कब्जा न करे। परिजनों को किसी भी प्रकार का संकट न हो। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूर्व सैनिक सेवा परिषद भवन का निर्माण किया जा रहा है। यह भवन निश्चित ही सेवा और प्रेरणा स्थली बनेगा।
यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य भारत प्रांत के प्रांत संघचालक अशोक पांडेय ने सोमवार को रेस कोर्स रोड स्थित पूर्व सैनिक सेवा परिषद भवन के भूमिपूजन समारोह में मुख्यवक्ता की आसंदी से कही। पूर्व सैनिक सेवा परिषद ग्वालियर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद भारत सिंह कुशवाहा रहे। अध्यक्षता अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रदेश अध्यक्ष मेजर जनरल तेजप्रताप सिंंह रावत ने की। विशिष्ट अतिथि ब्रिगेडियर शिवेंद्र सिंह रहे। अतिथियों ने भूमिपूजन विधि विधान से किया। मुख्य यजमान प्रहलाद सिंह भदौरिया सपत्नीक थे। मुख्यवक्ता श्री पांडेय ने कहा कि उनका बेटा विकास पांडेय (कैप्टन) भी सेना में रहे हंै। जब कश्मीर में एनकाउंटर चल रहा था तो उनकी पत्नी अपने बेटे को लेकर चिंतित थी। यही हाल हर सैनिक के घर का होता है। भारतीय सेना का त्याग, समर्पण, वीरता, पराक्रम अभिनंदनीय है। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना को घुटने के बल खड़ा कर एक कीर्तिमान बनाया था। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि 1962 के युद्ध में कड़ाके की सर्दी में भारतीय सेना के पास जूते के कपड़े, थ्री नॉट थ्री रायफल थी। भोजन की भी कमी थी फिर भी हमारे जवानों ने अपनी वीरता का परिचय दिया था। सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट, ऑपरेशन सिंदूर, गलवान झड़प में भी हमारे जवानों ने अपने पराक्रम का लोहा मनवाया था। मुख्य अतिथि सांसद श्री कुशवाहा ने कहा कि भारतीय सेना राष्ट्रहित में सतत कार्यरत है। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि पूर्व सैनिक सेवा परिषद भवन निर्माण के लिए वह हर संभव मदद देंगे। उल्लेखनीय है कि उन्होंने अपनी सांसद निधि से 50 लाख का सहयोग दिया है। मेजर जनरल श्री रावत एवं ब्रिगेडियर शिवेंद्र सिंह, बलवीर सिंह तोमर ने भी सेना के जवानों की वीरता और उनकी समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भवन जवानों की समस्याओं के निराकरण के लिए अहम स्थल बनेगा। कार्यक्रम का संचालन जितेन्द्र शर्मा ने एवं आभार शशिकांत चतुर्वेदी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद के उत्तर एवं मध्य क्षेत्र के संगठन मंत्री सुरेन्द्र मिश्रा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य भारत प्रांत के सह कार्यवाह विजय दीक्षित, प्रांत के सह संपर्क प्रमुख नवल शुक्ला, कार्यकारिणी सदस्य डॉ.जेएस नामधारी, ग्वालियर विभाग संघचालक प्रहलाद सबनानी, प्रांंत कुटुंब प्रबोधन संयोजक अशोक पाठक, मध्य भारत शिक्षा समिति अध्यक्ष प्रो.राजेंद्र बांदिल, क्रीड़ा भारती के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ.राजेंद्र सिंह, कस्तूरबा गांधी न्यास अध्यक्ष जगदीश शर्मा, प्रमोद बित्थरिया, कर्नल श्रीमन नारायण शर्मा, ब्रजराज सिंह तोमर, मुरारी सिंह भदौरिया, सुुनील कुमार दीक्षित, राम अवतार राजावत, ब्रजेश तोमर, हरवीर सिंह तोमर, गोविंद सिंह राजावत, रणवीर सिंह तोमर, मेजर आशा माथुर, सोना शर्मा, श्रुति व्यास, आदि उपस्थित रहे।

सेना से सीखें अनुशासन और समरसता
श्री पांडेय ने कहा कि समाज को सेना के जवानों से अनुशासन सीखना चाहिए। सभी को यातायात के नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेना में सभी भारत मां के बेटे होते हैं। कोई जाति भेद नहीं होता है। सभी साथ में भोजन करते हैं।
बलवीर सिंह तोमर ने 10 लाख देने की घोषणा की
क्षेत्रीय पार्षद एवं पूर्व सैनिक बलवीर सिंह तोमर ने अपनी पार्षद निधि से 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के लिए वह सभापति मनोज तोमर से भी राशि देने के लिए आग्रह करेंगे। इस अवसर पर दिल्ली से आईं सुश्री श्रुति व्यास ने भावुक होकर अपने पिता विंग कमांडर प्रभाकर व्यास को याद करते हुए कहा कि उनके पिता का सपना था कि जवानों के कल्याण के लिए एक भवन बनना चाहिए। लेकिन वह इस भूमिपूजन से पहले ही एक माह पहले ही दिवंगत हो गए। लेकिन हम उनके सपने को साकार होता देखना चाहते हैं। उन्होंने भवन निर्माण के लिए पिताजी की भविष्य निधि से कुछ अंश देने की घोषणा की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments