लखनऊ: सोनभद्र हत्याकांड को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है. सदन से लेकर सड़क तक सोनभद्र हत्याकांड को लेकर शोर सुनाई दे रहा है. इस बीच वाराणसी से सोनभद्र जा रही प्रियंका गांधी को मिर्जापुर में रोका गया तो प्रियंका कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गईं. कांग्रेस नेता अजय राय ने दावा किया है कि पुलिस ने प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया गया है. फिलहाल पुलिस प्रियंका गांधी को मिर्जापुर की तरफ ले जा रही है.
क्या है मामला?
सोनभद्र में घोरावल थाना क्षेत्र के उधा गांव में ग्राम प्रधान यज्ञदत्त ने एक आईएएस अधिकारी से खरीदी गई 90 बीघा जमीन पर कब्जे के लिए बड़ी संख्या में अपने साथियों के साथ पहुंचकर जमीन जोतने की कोशिश की. विरोध करने पर उसकी तरफ के लोगों ने स्थानीय ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. इस वारदात में नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी. एक घायल ने बाद में दम तोड़ दिया. 18 अन्य जख्मी हो गए.
प्रशासनिक अधिकारी गुरुवार शाम लगभग पांच बजे मृतकों के शव लेकर उभ्भा गांव पहुंचे. शवों को देखते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया. शवों को दफ़नाने के स्थान को लेकर प्रशासन एवं ग्रामीणों में विवाद की स्थिति पैदा हो गई. गांव वालों की मांग थी कि जहां गोली चली है, शवों को उसी ज़मीन में दफ़नाया जाए जबकि प्रशासन का कहना था कि परम्परागत स्थान पर ही दफ़नाया जाएगा. अंतत: देर रात मामले में गतिरोध समाप्त हो गया और अधिकारियों ने ग्रामीणों को उनकी जिद छोड़ने के लिए मना लिया