Homeप्रमुख खबरेंभीषण गर्मी में राहत की छांव: ग्वालियर नगर निगम ने व्यस्ततम चौराहों...

भीषण गर्मी में राहत की छांव: ग्वालियर नगर निगम ने व्यस्ततम चौराहों पर लगाये ग्रीन नेट

ग्वालियर दिनांक 23 अप्रैल 2026-/भीषण गर्मी के इस दौर में आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ग्वालियर नगर निगम द्वारा एक सराहनीय और जनहितकारी पहल की गई है। कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान एवं नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय के निर्देशन में शहर के प्रमुख चौराहों पर ग्रीन नेट लगाकर राहगीरों और वाहन चालकों को कड़ी धूप से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर निगम के अपर आयुक्त श्री टी प्रतीक राव ने जानकारी देते हुए बताया कि गर्मी के बढ़ते तापमान के बीच, विशेष रूप से रेड सिग्नल पर रुकने वाले दोपहिया वाहन चालकों को तेज धूप का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने शहर के व्यस्ततम चौराहों जैसे पाटणकर बाजार, कटोरा ताल, सचिन तेंदुलकर रोड, अनुपम नगर चौराहे, न्यू कलेक्ट्रेट रोड, हजीरा चौराहा, राजमाता सिंधिया चौराहा सिटी सेंटर सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर ग्रीन नेट लगाकर छाया की व्यवस्था की है। इससे न केवल राहगीरों को राहत मिल रही है, बल्कि यह पहल मानवीय संवेदनशीलता का भी उदाहरण प्रस्तुत करती है।
अक्सर देखा जाता है कि दोपहर के समय जब वाहन चालक ट्रैफिक सिग्नल पर रुकते हैं, तो सीधी धूप और सड़क की तपिश के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए नगर निगम ग्वालियर ने शहर के उन चौराहों को चिह्नित किया है जहाँ ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है। इन चौराहों पर ग्रीन नेट लगाई जा रही हैं, जो धूप को रोककर नीचे खड़े लोगों को छाया प्रदान करेंगी।
नगर निगम द्वारा शुरू किया गया यह अभियान शहर के अन्य क्षेत्रों में भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है। आने वाले दिनों में और अधिक चौराहों एवं व्यावसायिक इलाकों में ग्रीन नेट लगाने का कार्य पूरा किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों को इसका लाभ मिल सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments