मध्यप्रदेश में एससी-एसटी एक्ट को लेकर सवर्णों ने आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भीड़ भरी सभा का आयोजन करके एकबार पुनः राजनीतिक दलों खासकर प्रदेश के सत्ताधारी दल भाजपा का सरदर्द बढ़ा दिया ,इस क्रांति सभा में सपाक्स , करणी सेना जैसे संगठनों के निशाने पर एकबार पुनः मुख्यमंत्री का माई के लाल वाला बयान था। रैली की एक और प्रमुख बात यह रही कि सपाक्स समाज के संरक्षक हीरालाल त्रिवेदी ने कहा कि गांधी जयंती 2 अक्टूबर को सपाक्स पार्टी की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
रविवार को भोपाल में प्रदेश स्तरीय सपाक्स क्रांति सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सपाक्स ने हुंकार भरी और सरकार पर जमकर हमला बोला।इस दौरान करणी सेना ने भी मंच साझा किया और सरकार को आड़े हाथो लिया। इस मौके पर करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेडी ने कहा कि यहां के मुख्यमंत्री देख ले कि हम ही माई के लाल हैं। अब जो हमारी नहीं सुनेगा, वह कहीं राज नहीं करेगा । अबकी बार जब हम इकट्ठा होंगे, तो मध्य प्रदेश को जाम कर देंगे। उन्होंने कहा कि जहां आप लोग पसीना बहा रहे हो, वहां हम अपना खून बहा देंगे। अब इस देश का युवा नहीं झुकेगा।
वही सपाक्स संरक्षक हीरालाल त्रिवेदी ने कहा कि मध्यप्रदेश से शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकेंगे और विधानसभा से लेकर लोकसभा तक अपने प्रतिनिधि भेजेंगे। रैली के दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल होने पहुंचे। लोगों की भीड़ देख पुलिस को अतिरिक्त फोर्स बुलाना पड़ी। रैली में इंदौर, खरगोन और धार से महिला और पुरुष काले कपड़े पहनकर पहुंचे, वही करणी सेना की महिलाएं राजस्थानी परिधान में रैली में पहुंची। कार्यक्रम का मैदान चार पहियां वाहनों से भरा रहा और पूरे पांडाल में हजारों की संख्या में लोग जुटे।कार्यक्रम में भाग लेने सागर की पूर्व किन्नर महापौर कमला भी आईं थी।
सपाक्स समाज के संरक्षक हीरालाल त्रिवेदी ने कहा कि गांधी जयंती 2 अक्टूबर को सपाक्स पार्टी की औपचारिक घोषणा की जाएगी। इस बार हम मध्य प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे । चुनाव आयोग में पार्टी के रजिस्ट्रेशन के लिए चुनाव आयोग में कागजात जमा कर दिए हैं। केंद्र सरकार ने रैली को फ्लाप करने के लिए भोपाल आने वाली 17 ट्रेनों को निरस्त किया बावजूद इसके हजारों की संख्या में लोग पहुंचे हैं। शिवराज सरकार पर हमला बोलते हुए त्रिवेदी ने कहा कि हम समाज के भेदभाव को खत्म करना चाहते हैं। सरकार की एससीएसटी योजनाओं का फायदा एक फीसदी लोगों को मिल रहा है। इस सरकार ने इंसान को आरक्षण में बांट दिया है। डिलीवरी से लेकर मरने तक आरक्षण कर दिया है। आरक्षित को अलग आऱक्षण और अनारक्षित को अलग।लेकिन सापक्स इसके खिलाफ आवाज उठाएगा और हर गरीब तबके इंसाफ दिलाकर रहेगा। हमारी उद्देश्य है कि अब आर्थिक आरक्षण हो, ताकि जो भी गरीब कमजोर है उसे सहायता मिल सके।हम किसी नेता धर्म या जाति या पार्टी के खिलाफ नहीं है, बल्कि हम भेदभाव के खिलाफ है।