भोपाल. भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो विदेशी नेताओं के बयानों की ओर इशारा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- उनकी पार्टी हिंदुस्तान में गठबंधन करने में सफल नहीं हो रही, इसलिए भारत के बाहर गठबंधन खोज रही है। दुनिया के देश अब तय करेंगे कि भारत में प्रधानमंत्री कौन होगा? कांग्रेस पार्टी, क्या हाल हो गया है आपका? क्या सत्ता खोने के बाद संतुलन भी खो दिया? कांग्रेस का गठबंधन देश की भलाई के लिए नहीं, पराजय के डर से पैदा हुआ है। कांग्रेस आज हर छोटे दल के पैर पकड़ रही है।
मोदी का इशारा दो विदेशी नेताओं के हाल ही के बयानों पर था। एक बयान पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री रहमान मलिक का है। मलिक ने राफेल घोटाले का खुलासा करने का श्रेय राहुल को दिया और कहा कि वे अगले प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। दूसरा बयान फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांसुआ ओलांद का है। आेलांद ने कहा था- भारत ने उन्हें राफेल डील का स्थानीय साझेदार चुनने के लिए अनिल अंबानी की कंपनी के सिवाय कोई विकल्प नहीं दिया था। ओलांद के बयान के बाद राहुल मोदी पर घोटाले का आरोप लगा रहे हैं और उन्हें चोर कह रहे हैं।
कांग्रेस को अहंकारी कहा : मोदी ने कहा- कांग्रेसवालों आप इस पर विचार करो कि हमने चुनाव हारने के बाद ईवीएम मशीन को गाली देकर अपना पल्ला नहीं झाड़ा। आप 440 से 44 हो गए, लेकिन आत्मचिंतन करने को तैयार नहीं। अहंकार है कि गद्दियां रिजर्व हैं। इन पर चायवाला, गरीब मां का बेटा शिवराज, गरीब मां का बेटा योगी नहीं बैठ सकता। खानदानी हक है, जिनका वही बैठ सकते हैं। लोकतंत्र में ये आपको मंजूर है क्या?
कांग्रेस मुझे भरपूर कोसती है : मोदी ने कहा, “आपने (कांग्रेस) ने पूरी ताकत लगा दी मुझे गालियां देने में। डिक्शनरी की कोई गाली नहीं है जो आपने मेरे लिए उपयोग न की हो। आपके एडवाइजर से पूछ लीजिए आपने जितना कीचड़ उछाला है, कमल उतना ही खिला है।”
मुझे सेवा का अवसर चाहिए भाइयों : मोदी ने कहा, “कौन लोग थे, जिन्होंने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य की सूची में डालने के लिए काले कारनामे किए थे? कितनी मेहनत लगी मध्यप्रदेश को विकासशील राज्य बनाने में। केंद्र में अब ऐसी सरकार बैठी है, जो राज्यों को आगे बढ़ाने में विश्वास करती है। मुझे सेवा का अवसर चाहिए भाइयों। शिवराज जी ने गति दी है, दिल्ली में हमें जितना अवसर दिया, हमने साथ और सहयोग दिया। अब मौका है नई छलांग लगाने का।”