Homeप्रमुख खबरेंमजबूत संगठन डिजिटल माध्यम और सक्रिय बूथ भाजपा की सबसे बड़ी ताकत...

मजबूत संगठन डिजिटल माध्यम और सक्रिय बूथ भाजपा की सबसे बड़ी ताकत : गौरव वाजपेयी

ग्वालियर 9 जुलाई 2026/भारतीय जनता पार्टी के महाराजा मानसिंह तोमर मंडल की मासिक बैठक मंडल अध्यक्ष योगेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, शक्ति केंद्र एवं बूथ समितियों को सक्रिय बनाने, डिजिटल प्रशिक्षण तथा कार्यकर्ताओं के दायित्वों के प्रभावी निर्वहन पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।

डिजिटल संगठन और सक्रिय बूथ भाजपा की सबसे बड़ी ताकत : गौरव वाजपेयी

मंडल सह प्रभारी एवं भाजपा जिला आईटी संयोजक गौरव वाजपेयी ने कहा कि बदलते समय में डिजिटल माध्यम संगठन की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से डिजिटल लर्निंग सर्टिफिकेट डाउनलोड कर प्रशिक्षण पूर्ण करने का आग्रह किया। साथ ही शक्ति केंद्र एवं बूथ समितियों को सक्रिय कर प्रत्येक बूथ पर नियमित संवाद, जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने दायित्व का ईमानदारी से पालन करते हुए संगठन के कार्यक्रमों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाए।

मंडल अध्यक्ष योगेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पहचान उसके अनुशासित एवं समर्पित कार्यकर्ताओं से है। प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता यदि अपने दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेगा तो संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा प्रत्येक बूथ पर पार्टी की मजबूती सुनिश्चित होगी।

मंडल प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष श्रीमती लता सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि संगठन का वरिष्ठ नेतृत्व हर परिस्थिति में कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा है। कार्यकर्ताओं को बिना किसी संकोच के संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए और संगठन हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

बैठक में जिला मंत्री चंदन पटेल, मन की बात प्रभारी दारा सिंह सेंगर, उमेश जोशी, धर्मेंद्र आर्य सहित मंडल के ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक सफल बनाने तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments