नई दिल्ली: नवरात्रों के पावन मौके पर मां वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं को तोहफा मिलने वाला है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज दिल्ली-कटरा वंदेभारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे. इस ट्रेन से दिल्ली और कटरा की दूरी महज आठ घंटे में तय की जा सकेगी. अभी इस दूरी को तय करने के लिए 12 घंटे का समय लगता है.कटरा प्रसिद्ध वैष्णो देवी मंदिर जाने के लिए आखिरी रेलवे स्टेशन है.
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट किया वीडियो
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट किया है, ‘’देश की सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी तक पहली वंदेभारत एक्सप्रेस के बाद अब रेलवे शारदीय नवरात्र के शुभ अवसर पर देश की दूसरी वंदेभारत एक्सप्रेस दिल्ली से कटरा तक चलाने जा रहा है. इस आधुनिकतम ट्रेन को गृह मंत्री अमित शाह तीन अक्टूबर को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.’’
अंबाला, लुधियाना और जम्मू तवी स्टेशन पर रुकेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
दिल्ली-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस के टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू हो गई है. जानकारी के मुताबिक नई दिल्ली से कटरा के बीच यह ट्रेन तीन स्टेशनों अंबाला, लुधियाना और जम्मू तवी पर रुकेगी. नई दिल्ली से लुधियाना के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. वंदे भारत एक्सप्रेस ना सिर्फ सेमी हाई स्पीड ट्रेन है बल्कि इसमें सुरक्षा और उच्च तकनीकि पर भी विशेष ध्यान दिया गया है.
वंदे भारत एक्सप्रेस की खूबियां
-
- यह ट्रेन 160 किलोमीटर प्रतिघंटे की अधिकतम रफ्तार से चल सकती है.
-
- इसमें शताब्दी ट्रेनों जैसी यात्री श्रेणी लेकिन बेहतर सुविधाएं हैं.
-
- इसमें 16 वातानुकूलित कोच हैं जिनमें दो एक्जीक्यूटिव श्रेणी के हैं.
-
- ट्रेन में कुल 1,128 यात्रियों के बैठने की क्षमता है.
-
- इस ट्रेन में उतनी संख्या की कोच वाली परंपरागत शताब्दी रेकों से कहीं अधिक सीटें है.
-
- सभी कोच में स्वचालित दरवाजे, जीपीएस आधारित दृश्य-श्रव्य यात्री सूचना प्रणाली है.
-
- मनोरंजन के उद्देश्य से ट्रेन के अंदर हॉटस्पॉट वाईफाई और बेहद आरामदायक सीटें हैं.
-
- सभी शौचालय बायो-वैक्यूम किस्म के हैं.
-
- यात्रियों को गर्मागर्म भोजन और शीतल पेय पदार्थ परोसने के लिये हर कोच में पैंट्री (रसोई) की व्यवस्था है.
- यात्रियों के अतिरिक्त आराम के लिये डिब्बों में गर्मी और ध्वनि से बचाव की विशेष व्यवस्था की गयी है.