Homeदेशमीडिया संस्थान बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तर पर इनकम टैक्स के छापे

मीडिया संस्थान बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तर पर इनकम टैक्स के छापे

मीडिया संस्थान BBC (बीबीसी) के दिल्ली और मुंबई दफ्तर पर इनकम टैक्स के छापे पड़े हैं. सूत्रों के मुताबिक, इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी को लेकर बीबीसी दफ्तर पर आईटी की ये सर्चिंग चल रही है. आयकर विभाग के अफसरों ने सभी कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिए हैं. साथ ही कर्मचारियों से दफ्तर छोड़कर घर जाने के लिए कहा गया है. दोपहर की शिफ्ट के लोगों को वर्क फ्रॉम होम करने के लिए कहा गया है. लंदन स्थित BBC के दफ्तर में छापेमारी की कार्रवाई की जानकारी दे दी गई है. उधर, विपक्ष ने इस कार्रवाई को बीबीसी की गुजरात दंगों पर बनी डॉक्यूमेंट्री से जोड़ा है.

मुंबई के बीकेसी दफ्तर पर भी छापे

इनकम टैक्स की यह कार्रवाई सिर्फ बीबीसी के दिल्ली दफ्तर ही नहीं बल्कि मुंबई स्थित दफ्तर पर भी जांच की टीम पहुंची है. BBC के मुंबई में दो दफ्तर हैं. एक बीकेसी और दूसरा खार में. इनकम टैक्स के अफसर बीकेसी दफ्तर पर पहुंचे हैं. कर्मचारियों को घर जाने के लिए कह दिया गया है. दिल्ली में बीबीसी का दफ्तर इमारत के 5वें, 6वें और 11वें फ्लोर पर है, तीनों फ्लोर पर आईटी के करीब 15-20 अफसर मौजूद हैं. दफ्तर के बाहर दिल्ली पुलिस की तैनाती की गई है. उधर, इनकम टैक्स के सूत्रों ने आजतक से बातचीत में बताया कि ये इनकम टैक्स की टीम का सर्वे है.

उधर, कांग्रेस ने आईटी की इस कार्रवाई को बीबीसी डॉक्यूमेंट्री पर बैन से जोड़ा हैकांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया. अब BBC पर IT का छापा पड़ गया है. अघोषित आपातकाल. उधर, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि हम अडानी मामले में जेपीसी की मांग कर रहे हैं, दूसरी ओर बीबीसी के दफ्तर पर इस तरह की कार्रवाई हो रही है. विनाशकाले विपरीत बुद्धि…

क्या है बीबीसी डॉक्यूमेंट्री का मामला?

दरअसल, हाल ही में बीबीसी की एक डॉक्यूमेंट्री आई थी. यह डॉक्यूमेंट्री 2002 के गुजरात दंगों पर थी. केंद्र सरकार ने प्रोपेगेंडा बताते हुए इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर रोक लगा दी थी. डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर कई यूनिवर्सिटियों में बवाल भी मचा था. इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी याचिकाएं दायर हुई हैं. ऐसे में विपक्ष आयकर विभाग की छापेमारी को बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री से जोड़ कर केंद्र पर निशाना साध रहा है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments