धोनी ने फिर चौंकाया। हर बार की तरह। जैसे वर्ल्ड कप जीतकर चौंकाया था, जैसे टी20 वर्ल्ड कप और चैम्पियंस ट्रॉफी जीतकर और जैसे… कितनी तो कहानियां हैं। कितनी सुनेंगे? सबकी अपनी। आपकी भी अपनी होगी। और आज यानी ठीक आजादी के दिन हम सब फिर चौंक गए… धोनी यानी सबके माही ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रुखसती कर ली। पिच पर पर्दा गिरा दिया।
संन्यास का तरीका भी धोनीनुमा ही… इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीरों में बुनी गजल ‘मैं पल दो पल का शायर हूं’ का वीडियो पोस्ट किया और लिखा- ‘आप लोगों की तरफ से हमेशा मिले प्यार और सपोर्ट के लिए शुक्रिया। आज शाम 7 बजकर 29 मिनट के बाद से मुझे रिटायर ही समझें।’
धोनी हमेशा सुर्खियों में रहे, पर खुद को इससे दूर रखते हुए। देखा ही होगा आपने। जीते आगे बढ़कर, पर जब श्रेय लेने की बारी आई खुद पीछे, टीम आगे। कभी कोई बड़ा इंटरव्यू नहीं दिया। किसी टीवी शो में नहीं गए। शादी भी चुपचाप कर ली। फिल्म में उन्हें जी चुके सुशांत की मौत पर भी कोई बयान नहीं दिया। …और संन्यास का भी ऐलान उस दिन, जब अगले दिन कोई अखबार नहीं निकलने वाला।
39 साल के धोनी ने अपने ऐलानियां में एक बात जो नहीं बताई, लेकिन लोगों ने समझ ली कि वे आईपीएल तो खेलते रहेंगे। पता नहीं कब तक।