ग्वालियर /- रमौआ डेम क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कर इसे पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए विकसित किया जाए तथा यह एक बहुत ही खूबसूरत स्थान है, नगर निगम ग्वालियर द्वारा इसको व्यवस्थित कर इस तक पंहुचने हेतु सुगम मार्ग तैयार किया जाएगा। उक्ताशय के निर्देश नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कन्याल ने सोमवार को रमौआ डेम के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए।
उल्लेखनीय है कि रमौआ डेम इस वर्ष पहली बार अपनी क्षमता का लगभग 90 फीसदी भर पाया है तथा अभी इसका उपयोग क्षेत्र के नागरिकों द्वारा मछली पालन के लिए किया जाता है। इस स्थल को विकसित कर पर्यटकों के लिए बनाने के लिए नगर निगम ग्वालियर द्वारा विभिन्न आवश्यक कार्य किए जाएंगे। निगमायुक्त श्री कन्याल ने आज निरीक्षण कर इस क्षेत्र के पंहुच मार्ग को व्यवस्थित कर सुगम बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही इस डेम के पास बनी अधोसंरचना का उपयोग कर उसे और अधिक सुदर बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
डेम के पीेछे बने शासकीय स्कूल का भी निगमायुक्त श्री कन्याल ने निरीक्षण किया तथा बच्चों से चर्चा कर उन्हें खूब पढने और देश के विकास के लिए कार्य करने का आर्शीवाद प्रदान किया। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री संजय मेहता, सिटी प्लानर श्री पवन सिंघल, प्रोजेक्ट ऑफीसर श्री अरविंद चतुर्वेदी सहित अन्य सबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।