ग्वालियर 11 अक्टूबर। श्रद्धेय राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी के जन्म शताब्दी समारोह का समापन कल 12 अक्टूबर को उनकी जयंती के अवसर पर होगा। ग्वालियर में यह कार्यक्रम चेतकपुरी रोड स्थित बंधन गार्डन में प्रातः 9ः30 बजे आयोजित किया गया है, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान, केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, राज्यसभा सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं पूर्व राज्यसभा सांसद श्री प्रभात झा मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान दी।
श्री पाराशर ने बताया कि श राजमाता के जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम प्रदेश में तीन स्थानों भोपाल, ग्वालियर और इंदौर में आयोजित किये जा रहे हैं। ग्वालियर में होने वाले आयोजन में सम्मिलित होने के लिये मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान जी का आगमन सुबह 9 बजे होगा। मुख्यमंत्री सबसे पहले राजमाता जी की छत्री पर जाएंगे, यहां वे राजमाता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके पश्चात बंधन गार्डन में होने वाले कार्यक्रम में पहुंचेंगे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा राजमाता के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया जायेगा।
श्री पाराशर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान 11 बजे नई दिल्ली में होने वाले मुख्य आयोजन जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी राजमाता की स्मृति में 100 रुपए का एक स्मारक सिक्का जारी करेंगे, का भी लाइव प्रसारण होगा। इस कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री जी ग्वालियर से रवाना होंगेे।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन पार्टी की महिला मोर्चा इकाई द्वारा किया जा रहा है। जिसका संयोजक पूर्व मंत्री श्रीमती माया सिंह जी को बनाया गया है। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार शाम को होटल रमाया में बनाये गये चुनाव कार्यालय में उन्होंने समीक्षा बैठक भी की। कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सैनेटाइजर आदि का विशेष ध्यान दिया जाएगा। पत्रकारवार्ता में प्रदेश वार्ताकार श्री राजेश सोलंकी, श्री आशीष अग्रवाल, श्रीमती नीरु ज्ञानी, श्री पवन सेन उपस्थित थे।
राजमाता विजयाराजे सिंधिया के जन्म शताब्दी समारोह का समापन कार्यक्रम आज, ग्वालियर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आएंगे
RELATED ARTICLES