वाराणासी कैंट रेलवे स्टेशन के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा मंगलवार शाम 5.40 बजे गिर पड़ा। खबर लिखे जाने तक 22 शव निकाले जा चुके है पुल की शटरिंग के लिए बने फ्लाईओवर के नीचे रोडवेज बस व जीप समेत कई दोपहिया वाहन दब गये हैं। एक दर्जन से अधिक घायलों को मंडलीय अस्पताल एवं बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। राहत कार्य के लिए सेना के जवान व एनडीआरएफ की टीम लगी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को दो लाख रुपये सहायता राशि देने का एलान किया है।
पहले से बने चौकाघाट फ्लाईओवर के विस्तारीकरण के तहत पिछले कई माह से कैंट-लहरतारा के बीच काम चल रहा है। फ्लाईओवर की सर्विस लेन से ही बनारस से इलाहाबाद, मिर्जापुर,सोनभद्र एवं भदोही जिलों के लिए बसों और दूसरे वाहनों का आवागमन होता है। इसके चलते पुल का निर्माण भी धीमा है। हादसे के समय भी जाम लगा था।
इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। ट्वीट करते हुए योगी ने जिला प्रशासन से तेजी से बचाव कार्य करने और लोगों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बताया है कि उपमुख्यमंत्री कैशव प्रसाद मौर्य वाराणसी पहुंच रहे हैं। उनके ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया है, ‘#UPCM श्री #YogiAdityanath ने वाराणसी में निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना पर दुख जताया है और उन्होंने जिला प्रशासन को तेजी से बचाव कार्य करते हुए लोगों की हर संभव मदद करने के लिये कहा है।