तेहरान10 जनवरी 2026/ ईरान में चल रहे खूनी जनआंदोलन के बीच महिलाओं ने विरोध का ऐसा तरीका अपनाया है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ईरानी महिलाएं देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की जलती तस्वीरों से सिगरेट सुलगाती दिख रही हैं. यह सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि उस सत्ता को खुली चुनौती है, जहां महिलाओं के अधिकारों पर कड़े पहरे हैं और धार्मिक नियमों की अवहेलना मौत तक की सजा बन सकती है.
ईरान पिछले दो हफ्तों से जारी हिंसक जनविद्रोह के दौरान यह दृश्य सबसे ताकतवर प्रतीक बनकर उभरा है. महिलाएं जलती हुई खामेनेई की तस्वीर से सिगरेट सुलगाकर यह संदेश दे रही हैं कि अब डर खत्म हो चुका है. यह वही देश है, जहां महिलाओं के लिए सार्वजनिक रूप से सिगरेट पीना भी प्रतिबंधों में आता है और सर्वोच्च नेता की तस्वीर जलाना गंभीर अपराध माना जाता है.
ईरान में विरोध प्रदर्शन 28 दिसंबर से शुरू हुए. शुरुआत में वजह अर्थव्यवस्था, महंगाई और बेरोजगारी थी, लेकिन कुछ ही दिनों में यह आंदोलन सीधे इस्लामिक रिपब्लिक और खामेनेई के खिलाफ विद्रोह में बदल गया.
अब प्रदर्शनकारी सिर्फ सुधार नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था को खारिज करने की बात कर रहे हैं