Homeप्रमुख खबरेंवीडियो :फुटबॉल विश्व कप 2026 का महासंग्राम आज रात से होगा शुरू,...

वीडियो :फुटबॉल विश्व कप 2026 का महासंग्राम आज रात से होगा शुरू, मैक्सिको- दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा उद्घाटन मुकाबला

फुटबॉल विश्व कप 2026 का महासंग्राम आज रात से शुरू, इतिहास में पहली बार 48 टीमें लेंगी हिस्सा

फुटबॉल प्रेमियों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। फीफा विश्व कप 2026 का आगाज आज रात से होगा। कनाडा, मैक्सिको और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित यह टूर्नामेंट 19 जुलाई तक चलेगा। यह विश्व कप इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण होगा, जिसमें पहली बार 32 की जगह 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

टूर्नामेंट में 12 ग्रुप बनाए गए हैं और कुल 104 मैच खेले जाएंगे। ग्रुप चरण के बाद शीर्ष दो टीमों के साथ आठ सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान की टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचेंगी, जहां राउंड ऑफ 32 से लेकर फाइनल तक मुकाबले खेले जाएंगे।

उद्घाटन मुकाबला मैक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच मेक्सिको सिटी के एस्टाडियो एज़्टेका स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मैच 12 जून की सुबह लगभग 12:30 बजे शुरू होगा।

यह विश्व कप कई मायनों में खास है। फुटबॉल के दो महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपने करियर का छठा विश्व कप खेलने उतरेंगे, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इसके अलावा किलियन एम्बाप्पे, विनीशियस जूनियर, लामिन यामाल, मोहम्मद सलाह, जूड बेलिंगहैम और एर्लिंग हालांड जैसे सितारों पर भी दुनिया की नजरें रहेंगी।

एक और दिलचस्प तथ्य यह है कि ब्राजील विश्व की एकमात्र टीम है, जिसने 1930 से अब तक खेले गए हर फीफा विश्व कप में हिस्सा लिया है। पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील 2026 में भी अपनी इस अनोखी विरासत को कायम रखते हुए छठे खिताब की तलाश में उतरेगा।

तीन देशों में आयोजित होने वाला यह पहला विश्व कप है और अधिक टीमों के कारण रोमांच और उलटफेर की संभावनाएं भी पहले से कहीं ज्यादा होंगी। वहीं, मेसी और रोनाल्डो के लिए यह संभवतः आखिरी विश्व कप भी हो सकता है, जिससे यह टूर्नामेंट और अधिक यादगार बनने जा रहा है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि ब्राजील, अर्जेंटीना, फ्रांस, स्पेन, इंग्लैंड और पुर्तगाल जैसी दिग्गज टीमें बाजी मारती हैं या कोई नई टीम इतिहास रचती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments