शब्द शक्ति न्यूज़ की आशंका सही साबित, भाजपा ने बदला दतिया उपचुनाव का चुनाव प्रभारी
सिंधिया की जगह ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह को सौंपी जिम्मेदारी, 13 जुलाई की खबर पर लगी मुहर
प्रवीण दुबे
दतिया, 15 जुलाई 2026/ दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर शब्द शक्ति न्यूज़ ने 13 जुलाई को जिस राजनीतिक संकेत की ओर इशारा किया था, वह अब सच साबित होता दिखाई दे रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने दतिया उपचुनाव के लिए अपने पहले घोषित चुनाव प्रभारी संबंधी निर्णय में बदलाव करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जगह ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह को चुनाव प्रभारी नियुक्त कर दिया है। वहीं प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी को सह-प्रभारी बनाया गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार विधानसभा क्षेत्र-22 दतिया उपचुनाव के लिए भारत सिंह कुशवाह को प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब 13 जुलाई को भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन के दौरान सिंधिया की गैरमौजूदगी राजनीतिक चर्चाओं का विषय बनी हुई थी।
13 जुलाई को शब्द शक्ति न्यूज़ ने जताई थी आशंका
शब्द शक्ति न्यूज़ ने 13 जुलाई को “दतिया उपचुनाव: आशुतोष तिवारी के नामांकन में सिंधिया की गैरमौजूदगी बनी चर्चा का विषय” शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी
दतिया उपचुनाव: आशुतोष तिवारी के नामांकन में सिंधिया की गैरमौजूदगी बनी चर्चा का विषय
जिसमें लिखा था कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित प्रदेश संगठन और सरकार के लगभग सभी वरिष्ठ नेता दतिया में मौजूद हैं, लेकिन चुनाव प्रभारी बनाए गए ज्योतिरादित्य सिंधिया कार्यक्रम में दिखाई नहीं दिए।
उस समय खबर में यह भी उल्लेख किया गया था कि सिंधिया की अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोग इसे उन्हें दतिया उपचुनाव का प्रभारी बनाए जाने को लेकर कथित असहमति से जोड़कर देख रहे थे, जबकि आधिकारिक तौर पर भाजपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। खबर में यह भी स्पष्ट किया गया था कि आधिकारिक पुष्टि के बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
अब आदेश ने बढ़ाई राजनीतिक चर्चा
अब भाजपा द्वारा जारी नए आदेश में भारत सिंह कुशवाह को दतिया उपचुनाव का प्रभारी बनाए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि पार्टी ने चुनावी रणनीति के तहत प्रभारी बदलने का निर्णय लिया है। इससे शब्द शक्ति न्यूज़ द्वारा उठाए गए सवाल और उस समय व्यक्त की गई राजनीतिक आशंका को नया आधार मिला है।
हालांकि, भाजपा ने प्रभारी परिवर्तन के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया है। ऐसे में इस बदलाव के पीछे की वास्तविक वजह पर पार्टी की ओर से कोई औपचारिक टिप्पणी सामने नहीं आई है।
दतिया उपचुनाव के बीच भाजपा के इस फैसले को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है और आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार की रणनीति पर इसका असर देखने को मिल सकता है।