Homeदेशसरकार का देशवासियों को बड़ा तोहफा 33 सामानों पर जीएसटी की दरें...

सरकार का देशवासियों को बड़ा तोहफा 33 सामानों पर जीएसटी की दरें घटाई

नई दिल्ली। जीएसटी काउंसिल की अहम बैठक में सरकार ने शनिवार को बड़ा फैसला लेते हुए 33 सामानों पर जीएसटी की दरें घटा दी। जीएसटी काउंसिल की बैठक में 7 आइटम्स पर दरें 28 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा 26 आइटम ऐसे हैं जिन पर जीएसटी रेट 18 फीसदी से घटाकर 12 या 5 फीसदी कर दिया गया है।

जीएसटी परिषद ने शनिवार को आम लोगों को राहत देते हुए टीवी स्क्रीन, सिनेमा के टिकट और पावर बैंक सहित कई तरह की 23 चीजों पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में कमी की घोषणा की। जीएसटी परिषद की 31वीं बैठक के बाद नई दिल्ली में वित्त मंत्री अरूण जेटली ने फैसलों की घोषणा की। जेटली ने कहा कि जीएसटी की दरों को तर्कसंगत बनाना एक सतत प्रक्रिया है। जीएसटी काउंसिल द्वारा लिए गए निर्णयों से जुड़ी 10 खास बातें-

1. परिषद ने जीएसटी की 28 प्रतिशत की सर्वोच्च कर के दायरे में आने वाली वस्तुओं में से 7 को निम्न दर वाले स्लैब में डाल दिया है। टीवी, टायर पावर बैंक, वीडियो गेम्स पर जीएसटी 28 से घटाकर 18 प्रतिशत किया गया है।

2. दिव्यांगों के उपकरणों पर जीएसटी घटाकर पांच प्रतिशत किया गया। बैंकों द्वारा प्राथमिक बचत खातों, प्रधानमंत्री जनधन योजना के खातों पर दी जाने वाली सेवाओं को जीएसटी से मुक्त किया गया।

3. बिजनेस क्लास एयर टिकट 12 प्रतिशत और इकोनॉमी क्लास एयर टिकट 5 प्रतिशत के स्लैब में रखे गए हैं। अब 28 प्रतिशत के स्लैब में केवल 28 वस्तुएं बची हैं।

4. अब 28 प्रतिशत की कर दर वाहनों के कल-पुर्जों और सीमेंट के अलावा केवल विलासिता के सामान और अहितकर वस्तुओं पर ही रह गया।

5. सिनेमा देखना सस्ता होगा
जीएसटी परिषद ने 100 रुपये से कम के मूवी टिकट पर टैक्स 18 से घटाकर 12 फीसदी कर दिया है। इससे छोटे सिनेमाघरों को फायदा मिलेगा। जबकि 100 रुपये से ज्यादा के टिकट पर जीएसटी 28% की जगह 18 फीसदी होगा, जो मल्टीप्लेक्स के लिए भी राहत भरी खबर है। इससे राजस्व में 900 करोड़ की कमी होगी।

6. इसी तरह 32 इंच तक के मॉनिटर और टीवी स्क्रीन पर अब 28 प्रतिशत की बजाय 18 प्रतिशत की दर से जीएसटी लगेगा। डिजिटल कैमरा व वीडियो कैमरे पर जीएसटी दर 28 से घटाकर 18 प्रतिशत की गई।

7. वस्तुओं पर जीएसटी की संशोधित दरें एक जनवरी, 2019 से लागू होगी।

8. जीएसटी काउंसिल की अगली बैठक में रियल एस्टेट पर जीएसटी पर विचार-विमर्श होगा।

9. टैक्स रेट में बदलाव का यह फैसला आगामी नव-वर्ष के दिन से प्रभावी होगा। विभिन्न प्रकार की वस्तुओं पर जीएसटी दरें कम करने से सालाना राजस्व में 5,500 करोड़ रुपये का असर पड़ेगा।

10 सीमेंट, एसी पर रियायत का फैसला टला
खजाने में बड़ी भूमिका निभाने वाली सीमेंट, एसी, डिश वॉशर, डिजिटल कैमरों पर टैक्स 28% से कम करने पर फैसला टाल दिया गया। वीडियोगेम कंसोल, ट्रैक्टर-ट्रॉली, डिशवॉशर, टायर, वीडियो कैमरा रिकॉर्डर, मोपेड पर भी जीएसटी में कमी की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

घर खरीदने की सोच रहे लोगों को मिल सकता है तोहफा
केंद्र सरकार जल्द ही घर खरीदने की सोच रहे लोगों को तोहफा देगी। जीएसटी परिषद की शनिवार को बैठक के बाद वित्त अरुण जेटली ने संकेत दिया कि निर्माणाधीन मकानों पर जीएसटी 12 फीसदी से कम किया जाएगा। दरअसल, अभी तैयार मकानों पर किसी भी प्रकार का जीएसटी नहीं लगता है, क्योंकि इसे संपत्ति का हस्तांतरण माना जाता है। जबकि निर्माणाधीन मकान (जिनका कब्जा एक निश्चित समय बाद मिलता है) पर 12 फीसदी टैक्स के दायरे में हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments