ग्वालियर / इसे लोकतंत्र की खूबसूरती कहा जाएगा कि कल तक ग्वालियर में विमान सेवाओं के विकास के लिए जो ज्योतिरादित्य सिंधिया केन्द्र सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखा करते थे आज उन्ही सिंधिया के कंधों पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय का भार है और श्री सिंधिया को उसी प्रकार ग्वालियर में हवाई अड्डे के टर्मिनल के विकास सम्बन्धी पत्र का सामना करना पड़ रहा है। उनके मंत्री बनते ही देशभर में उन्हें सबसे पहला पत्र लिखा है ग्वालियर के सांसद विवेक शेजवलकर ने। जिसमें उन्होंने श्री सिंधिया को बधाई देते हुए ग्वालियर में प्रस्तावित नवीन टर्मिनल के निर्माण हेतु शीघ्रातिशीघ्र कार्यवाही करने और इंदौर भोपाल की तर्ज पर यहां भी यात्रियों को आधुनिक सुविधायें उपलब्ध कराने की मांग की है। आइये जानते हैं श्री शेजवलकर ने अपने पत्र में क्या लिखा ।

मा. प्रधानमंत्री जी द्वारा आपको मंत्रीमण्डल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिये जाने के उपलक्ष्य में हार्दिक बधाई। यह भी सुखद संयोग है कि आपको नागरिक उड्यन विभाग का कार्यभार मिला है। ग्वालियर हवाई अड्डे के टर्मिनल के विस्तार व पुर्ननिर्माण की प्रक्रिया हेतु प्रकरण गतिशील है। नवीन टर्मिनल हेतु वर्तमान टर्मिनल के निकट ही केन्द्र सरकार के उपक्रम आलू अनुसंधान केन्द्र की अतिरिक्त भूमि उपलब्ध है।
यह भी सुखद संयोग है कि इससे संबंधित कृषि मंत्रालय का जिम्मा मा. नरेन्द्र सिंह तोमर जी के पास है।
आपसे अनुरोध है नवीन टर्मिनल के निर्माण हेतु शीघ्रातिशीघ्र कार्यवाही करें जिससे इंदौर भोपाल की तर्ज पर यहां भी यात्रियों को आधुनिक सुविधायें उपलब्ध हो सकें।