ग्वालियर /बुधवार की शाम हुई जोरदार बारिश के बाद जहां गिरे पारे ने रातभर कड़ाके की ठंड का अहसास कराया वहीं आज हो रही झमाझम बरसात ने शहरवासियों की परेशानी बढ़ा दी ख़बर लिखे जाने तक बारिश लगातार जारी है । लोग अपने दफ्तर व अन्य रोजाना के कार्यो को लेकर परेशान दिखाई दिए। इसके साथ ही बारिश थमने और बादल खुलने पर पारा और लुढ़कने व ठंड बढ़ने की सम्भावना है।
उधर शाम हुई बरसात के बाद मंगलवार रात 12 शहरों का तापमान 10 डिग्री या इससे नीचे चला गया। पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां 6.8 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। बुधवार को राजगढ़ के ग्रामीण इलाकों ने चने से बड़े आकार के आंधी पानी के साथ ओले गिरे।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पाकिस्तान से आ रही नमी भरी हवाएं काफी नीचे होने से एक ट्रफ लाइन के रूप में हैं। 5 जनवरी से पश्चिमी राजस्थान और आसपास के इलाकों में एक चक्रवात बनने जा रहा है। इसका सीधा असर मध्यप्रदेश पर पड़ेगा। तेज हवाएं 6 जनवरी को उत्तर-पश्चिमी भारत को काफी प्रभावित करेंगी। इसके प्रभाव 7 जनवरी से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के इलाकों में जोर पकड़ेगा। इनके प्रभाव के कारण ही प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में 5 से लेकर 10 जनवरी तक बारिश और ओले गिर सकते हैं। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव 6 और 7 जनवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिखाई देगा।