Homeसेहतहाई ब्लड प्रेशर उच्च रक्तचाप से परेशान हैं तो करें ये...

हाई ब्लड प्रेशर उच्च रक्तचाप से परेशान हैं तो करें ये योगासन

ब्लड प्रेशर एक गंभीर समस्या है। यह शरीर में छिपा एक घातक शत्रु है। अनियमित खान पान, गैस, अनींद्रा, नमक के अधिक सेवन से हाई ब्लड प्रेशर होना स्वाभाविक है। हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप) से परेशान लोगों को नियमित योगाभ्यास करना चाहिए ।

ये करें:- 1.शीतली प्राणायाम, 2. अंग संचालन 3.ध्यान और 4. शवासन

1. शीतली प्राणायाम : सर्वप्रथम आप अनुलोम-विलोम का अभ्यास करें। ‍फिर किसी भी सुखासन में बैठकर जीभ को बाहर निकालकर नलीनुमा बनाएं और मुंह से श्वास अंदर खींचे। श्वास अंदर ‍खींचने के बाद जीभ अंदर करके मुंह बंद करें और फिर नाक से धीरे-धीरे श्वास बाहर निकाल दें। यह क्रिया 5 बार करें और फिर इसे धीरे-धीर बढ़ाकर 50 से 60 बार करें।

2. अंग संचालन : अंग संचालन को सूक्ष्म व्यायाम भी कहा जाता है। इसका बहुत महत्व है। इसमें अभ्यस्त होने के बाद ही योग आसन करना चाहिए। अंग संचालन या सूक्ष्म व्यायाम के अंतर्गत नेत्र, गर्दन, कंधे, हाथ-पैरों की एड़ी-पंजे, घुटने, नितंब-कुल्हों आदि अंगों की एक्सरसाइज ‍की जाती है। जैसे पैरों की अंगुलियों को मोड़ना-खोलना, पंजे को आगे-पीछे करना, पंजों को गोल-गोल घुमाना, घुटनों को आगे-पीछे मोड़ना व गोल-गोल घुमाना, कलाई मोड़ना, कंधों को घुमाना, गर्दन को क्लॉकवाइज-एंटी क्लॉकवाइज घुमाना और मुटि्ठयां कसकर बांधना-खोलना आदि किया जाता है। अंग संचालन सीखकर उसका अभ्यास प्रतिदिन 10-10 बार रोज करें।

3. ध्यान : सिद्धासन में बैठकर बाएं हाथ को अपनी गोद में रखें। हथेली ऊपर की ओर रखें। दाएं हाथ को बाएं हाथ पर रखें। हथेली ऊपर की ओर ही रहे। अब दोनों हाथों के अंगूठों के अग्र भाग को आपस में मिला दें। फिर आंखें बंद कर श्वासों के आवागमन को महसूस करें। यह मुद्रा पूरे स्नायु मंडल और मन को शांत करती है।

4. शवासन : शवासन को करना सभी जानते हैं। यह संपूर्ण शरीर के शिथिलीकरण का अभ्यास है। इस आसन को करने के लिए पीठ के बल लेट जाएं। समस्त अंग और मांसपेशियों को एकदम ढीला छोड़ दें। चेहरे का तनाव हटा दें। कहीं भी अकड़न या तनाव न रखें। अब धीरे-धीरे गहरी और लंबी श्वास लें। महसूस करें की गहरी नींद आ रही है। इसका अभ्यास प्रतिदिन 10 मिनट तक करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments