ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की एक बार फिर से पूजा की गई. हिंदू महासभा के कार्यालय में नाथूराम गोडसे के लिए पूजा पाठ का आयोजन किया गया. आपको बता दें कि आज यानी बुधवार को नाथूराम की जन्म जयंती है, इस मौके पर ग्वालियर के हिंदू महासभा कार्यालय में गोडसे की आरती उतारी गई.
2 हजार घर में की गई पूजा
वहीं हिंदूमहासभा ने दावा किया है कि 2,165 घरों में हिन्दू महा सभाईओं ने नाथूराम गोडसे की जयंती मनाकर उनकी पूजा की है. इसके साथ डॉ. जयवीर भारद्वाज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हिन्दू महासभा का कहना हैं कि भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है.
गोडसे को अपना आराध्य मानती है हिंदू महासभा
ग्वालियर में अखिल भारतीय हिंदू महासभा का कार्यालय पिछले 80 सालों से मौजूद है. इस दफ्तर में 1947 में नाथूराम गोडसे ने कुछ दिन बिताए थे. हिंदू महासभा के लोग बापू के हत्यारे नाथूराम गोडसे को अपना आराध्य मानते हैं.
पहले भी हुआ था बवाल
ग्वालियर में गोडसे को लेकर पहले भी बवाल हो चुका है. बात 15 नवंबर 2017 की है, जब ग्वालियर में हिंदू महासभा ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे का मंदिर बनाया था, जिसमें नाथूराम गोडसे की मूर्ति स्थापित की गई थी. इसके बाद 10 जनवरी 2021 को हिंदू महासभा द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे के नाम पर शुरू की गई गोडसे ज्ञानशाला खोली थी, जिसके दो ही दिन बाद खुद हिंदू महासभा ने ताला लगाकर बंद कर दिया था. इसके साथ ही जिला प्रशासन ने महासभा के कार्यकर्ताओं को लगाई जमकर फटकार भी लगाई थी.