जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकूट पहाड़ियों की चोटी पर स्थित प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी मंदिर को देश में सबसे स्वच्छ प्रतिष्ठित स्थल घोषित किया गया है। जलशक्ति मंत्रालय, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा मंगलवार को स्वच्छ प्रतिष्ठित स्थानों की रैंकिंग में इसकी घोषणा की गई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 6 सितंबर को स्वच्छता महोत्सव के दौरान अवॉर्ड प्रदान करेंगे। यह कार्यक्रम पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जाएगा। एक अधिकारी ने कहा कि मंदिर, जहां हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचते है को पूरे तीर्थ क्षेत्र की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए पिछले कुछ वर्षों में की गई कई पहल के कारण बोर्ड द्वारा लाई गई स्वच्छता में समग्र सुधार के आधार पर चुना गया है।
प्रवक्ता ने कहा कि पानी के कियोस्क स्थापित करने, कचरे के निपटान जैसी कई पहलों के साथ ही 1300 स्वच्छता कार्यकर्ताओं ने मिलकर इस तीर्थस्थल को शीर्ष रैंक हासिल करने में सक्षम बनाया है। उन्होंने कहा कि श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने इस उपलब्धि पर बोर्ड को बधाई दी है। इससे पहले 2017 में श्राइन को पेयजल और स्वच्छता में स्पेशल अवॉर्ड मिला था। 2017 में यह स्वर्ण मंदिर के बाद दूसरे स्थान पर रही थी।
इनसे मिली टक्करवैष्णो देवी को महाराष्ट्र के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस, आगरा के ताजमहल, आंध्र प्रदेश स्थित तिरुपति मंदिर, पंजाब के स्वर्ण मंदिर, वाराणसी के मणिकर्णिका घाट आदि स्थलों से कड़ी टक्कर मिल रही थी।