न्यूयॉर्क: दवा बनाने वाली कंपनी जॉनसन एंड जॉनसन ने सिंगल डोज वाली कोरोना वैक्सीन का आखिरी चरण का ट्रायल शुरू कर दिया है. ज्यादातर दवा कंपनियां दो डोज वाली कोरोना वैक्सीन पर ट्रायल कर रही हैं. जॉनसन एंड जॉनसन का 60 हजार वॉलंटिअर्स पर वैक्सीन टेस्ट किए जाने का प्लान है. ये ट्रायल अमेरिका के अलावा दक्षिण अफ्रीका, अर्जंटीना, ब्राजील, चिली, कोलंबिया, मेक्सिको और पेरू में हो रहे हैं.
वैज्ञानिक डॉ पॉल स्टोफेल ने कहा, “60 हजार लोगों पर टेस्ट से अलग-अलग तरह के लोगों पर असर का पता चलेगा. हम उम्मीद कर रहे हैं कि इस साल के आखिरी में या अगले साल के शुरू में नतीजे मिल जाएंगे. इमरजेंसी में सिंगल डोज वैक्सीन बहुत काम आ सकती है. हम बाद में बूस्टर डोज पर प्रयोग करेंगे. पहले चरण के नतीजे बताते हैं कि सिर्फ सिंगल डोज ही लोगों को लंबे समय तक बचाने के लिए काफी है.”