वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की पूरी तस्वीर अब तक साफ नहीं हुई है. डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) और जो बाइडेन (Joe Biden) के बीच कई राज्यों में कांटे का मुकाबला चल रहा है और अंतिम परिणाम किसी के भी पक्ष में जा सकते हैं. हालांकि, प्रारंभिक तौर पर जो नतीजे सामने आए हैं, उनमें बाइडेन को जबरदस्त बढ़त मिली है.
स्थानीय मीडिया के अनुसार, अब तक बाइडेन को 264 इलेक्टोरल वोट मिल चुके हैं, जबकि ट्रंप के खाते में 214 इलेक्टोरल वोट आये हैं. इस लिहाज से बाइडेन का पलड़ा भारी नजर आ रहा है. आपको बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव जीतने के लिए किसी उम्मीदवार के पक्ष में 270 इलेक्टोरल वोट होने चाहिए. बाइडेन ने मिशिगन में भी जीत हासिल कर ली है. यह जीत काफी अहम है क्योंकि इस राज्य ने 2016 की ट्रंप की जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी.
अचानक पीछे कैसे हो गया?
वहीं, ट्रंप ने मतगणना में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं. उन्होंने जॉर्जिया, पेंसिलवेनिया और मिशिगन में धांधली के आरोप में केस भी किया है. ट्रंप का कहना है कि कई राज्यों में वह आगे चल रहे थे, लेकिन अचानक से पीछे हो गए. इससे पता चलता है कि कुछ न कुछ गड़बड़ जरूर है. इस बीच नतीजों को लेकर हिंसा की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. व्हाइट हाउस सहित प्रमुख वाणिज्य क्षेत्रों और बाजारों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.