ग्वालियर /एकतरफ दीपावली के चंद दिन ही शेष हैं दूसरी ओर एकबार फिर कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। आश्चर्य की बात है की बाजारों में त्यौहार के कारण भीड़ बढ़ती जा रही है यहां तक की जाम के हालात हैं बावजूद इसके ग्वालियर जिला प्रशासन कोरोना गाइडलाइन को लागू कराने को लेकर पूरी तरह सुस्त बना हुआ है। लोगों से न मास्क लगाने और न ही सोशल डिस्टेंसिंग रखने का आग्रह किया जा रहा है। उधर शहर की जनता भी कोरोना सावधानी को लेकर बेपरवाह दिखाई दे रही है। परिणाम स्वरूप कोरोना संक्रमण ने धीरे-धीरे फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। 29 अक्टूबर को 75 संक्रमित मरीज मिलने के बाद मरीजों की संख्या फिर से कम हो गई थी। बीते रोज से कोरोना संक्रमण के मरीज फिर से बढ़ना शुरू हो गए हैं।
29 अक्टूबर को 1702 सैंपल में 75 पॉजिटिव मरीज मिले थे। इसके बाद 1 नवंबर को 800 सैंपल की जांच हुई जिसमें से 33 पॉजिटिव, 2 नवंबर को 904 सैंपलों में से 30 पॉजिटिव तथा बीते रोज 812 सैंपल में ही 53 पॉजिटिव निकल आए थे।
बुधवार को 888 सैंपलों की जांच हुई है जिसमें से 65 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इस तरह देखा जाए तो सैंपलों की संख्या 9 सौ से कम रहने के बाद भी संक्रमित मरीजों की संख्या आधा सैंकड़ा से अधिक निकल रही है। इसे देखकर अब लग रहा है कि नवंबर माह में अब कोरोना संक्रमण के मरीज बढ़ने लगेंगे