ग्वालियर /कोरोना संक्रमण से गुरुवार को 3 मौत हुई है। इनमें जीआरएमसी के एनाटोमी के एचओडी डॉ. राजेन्द्र गुप्ता भी हैं। वह दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती थे और गुरुवार शाम जिंदगी की जंग हार गए। अब तक 260 संक्रमित की मौत हो चुकी है। यह पहला मामला है जब किसी जीआरएमसी के डॉक्टर की मौत कोरोना से हुई है। इसके अलावा दिन में 108 नए कोरोना संक्रमित भी मिले हैं। गंभीर संक्रमितों को आइसोलेशन में रखा गया है। साथ ही घर के आसपास कंटेनमेंट जोन बना दिए गए हैं।
कोरोना महामारी एक बार फिर से फैल रही है। हर दिन के साथ संक्रमित मिलने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिले में बुधवार को जहां 78 संक्रमित मिले थे वहीं गुरुवार को यह आंकड़ा बढ़कर 108 पर पहुंच गया है। अब तक कुल कोरोना संक्रमित की संख्या 15491 हो गई है। जबकि कोरोना संक्रमित तीन लोगों की गुरुवार को मौत हुई हैं। इनमें सबसे प्रमुख गजराराजा मेडिकल कॉलेज के एनाटोमी के विभागाध्क्ष डॉ. राजेन्द्र गुप्ता हैं। इनको कुछ दिन पहले दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इन्होंने दम तोड़ दिया है। इसके अलावा नया बाजार स्थित गणेश कॉलोनी निवासी 63 वर्षीय नरेश कुमार जैन को कोरोना होने के चलते अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उनकी गुरुवार को मौत हो गई। भिंड के गायत्री नगर में रहने वाले 80 वर्षीय सतीश चंद्र शुक्ला को कोरोना होने पर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में 18 नवंबर को भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।