लाखों /कोरोना संक्रमितों का ऑनलाइन इलाज कर स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने वाले दिल्ली के प्रसिद्ध कार्डियोलोजिस्ट डॉ के के अग्रवाल की कोरोना संक्रमण से मौत का दर्द देशवाशी अभी भूले नहीं थे की अब कोरोना वॉरियर के तौर पर 300 से अधिक कोरोना संक्रमित मरीजों के शवों का अंतिम संस्कार करने वाले हरियाणा के हिसार नगर निगम कर्मचारी संघ के प्रधान प्रवीन कुमार की कोरोना संक्रमण से मौत की खबर ने पूरे देश को एकबार पुनः शोकमग्न कर दिया है।
उन्होंने सोमवार देर शाम हिसार के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। मंगलवार सुबह ऋषि नगर स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
प्रवीन को कोरोना संक्रमण होने का पता चलने के दो दिन के भीतर ही उनकी मौत हो गई। तेज बुखार होने पर उन्हें निकट के निजी में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां बेड उपलब्ध न होने के कारण उन्हें मॉडल टाउन स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा जिसके लिए निगम आयुक्त अशोक गर्ग को हस्तक्षेप करना पड़ा था। प्रवीन के निधन से निगम में शोक की लहर दौड़ गई है। निगमायुक्त अशोक कुमार गर्ग ने कहा कि निगम कर्मचारी प्रवीन कुमार का अकस्मात निधन होना बेहद कष्टदायक है। इस मुश्किल दौर में कोरोना वॉरियर के रूप में उन्होंने निस्वार्थ सेवा की है।