कलेक्टर श्री सिंह ने किया शहर के बाजारों का औचक निरीक्षण मास्क न पहनने वालों के कराए चालान और जरूरतमन्दों को बांटे मास्क
ग्वालियर, 09 जुलाई 2021/ कोरोना नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी जिन इंसीडेंट कमांडर की है वे पूरी तरह सुस्त हो गए हैं यही वजह है की शहर के बाजारों में बढ़ती भीड़ और कोरोना की संभावित तीसरी लहर के खतरे ने ग्वालियर कलेक्टर का टेंशन इस कदर बढ़ा दिया कि आज कोरोना नियमों का पालन कराने उन्हें सड़कों पर निकलना पड़ा साथ ही उन्होंने सभी इंसीडेंट कमांडर को शहर में कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही मास्क न पहनने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया है। कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार की देर शाम बारादरी चौराहा मुरार तथा इस क्षेत्र के अन्य बाजारों में पहुँचकर इस कार्रवाई का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर अपर जिला दंडाधिकारी श्री रिंकेश वैश्य उनके साथ थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने अपने मास्क न पहनने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई कराई। साथ ही लगभग 60 लोगों को मास्क भी वितरित किए। उन्होंने लोगों को समझाया कि मास्क पहनकर ही अपने घर से निकलें। अभी केवल संक्रमण दर कम हुई कोरोना वायरस खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि मास्क लगाकर और समुचित दूरी बनाए रखकर ही हम कोरोना की तीसरी लहर को रोकने में सफल हो पाएंगे।
कलेक्टर श्री सिंह इंसीडेंट कमांडर तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मास्क न पहनने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई जारी रखें। साथ ही जो दुकानदार बार-बार समझाने के बावजूद कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं करें उनकी दुकान सील्ड कर दी जाएं।