आज पूरा देश स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है और आजादी के जश्न में डूबा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। तिरंगा फहराने के बाद पीएम मोदी ने देश को संबोधित किया और कहा कि देश के संकल्पों को पूरा करने के लिए हर एक को अपना योगदान देना होगा। लहरिया साफा में दिखे प्रधानमंत्री ने कहा कि अब से बेटियां भी सैनिक स्कूलों में एडमिशन ले सकेंगी। उन्होंने नेशनल हाईड्रोजन मिशन का ऐलान किया। आज का दिन इसलिए भी खास है क्योंकि देश आजादी के 75वीं वर्षगांठ को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तौर पर मना रहा है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की आजादी का 75वां वर्ष मनाने के लिए मार्च 2021 में गुजरात के अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ शुरू किया था, जो 15 अगस्त, 2023 तक जारी रहेगा। राजधानी दिल्ली के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। लाल किला आने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर फूल चढ़ाया और बापू को नमन किया। तो चलिए जानते हैं जश्न-ए-आजादी के हर अपडेट।
पीएम मोदी ने भाषण के अंत में देश के युवाओं को दिया संदेश
पीएम मोदी ने एक कविता का पाठ कर देश के युवाओं को संदेश दिया है।। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में भारत के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने से कोई भी बाधा रोक नहीं सकती। हमारी ताकत हमारी जीवटता है, हमारी ताकत हमारी एकजुटता है। हमारी प्राणशक्ति, राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम की भावना है। इसके बाद पीएम मोदी ने कविता पाठ किया-
यही समय है, सही समय है,
भारत का अनमोल समय है।
असंख्य भुजाओं की शक्ति है,
हर तरफ़ देश की भक्ति है,
तुम उठो तिरंगा लहरा दो,
भारत के भाग्य को फहरा दो।
यही समय है, सही समय है,
भारत का अनमोल समय है।
कुछ ऐसा नहीं जो कर ना सको,
कुछ ऐसा नहीं जो पा ना सको,
तुम उठ जाओ, तुम जुट जाओ,
सामर्थ्य को अपने पहचानो,
कर्तव्य को अपने सब जानो,
भारत का ये अनमोल समय है,
यही समय है, सही समय है।
नेशनल हाईड्रोजन मिशन का ऐलान
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की प्रगति के लिए, आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए भारत का Energy Independent होना अनिवार्य है। इसलिए आज भारत को ये संकल्प लेना होगा कि हम आजादी के 100 साल होने से पहले भारत को Energy Independent बनाएंगे:भारत आज जो भी कार्य कर रहा है, उसमें सबसे बड़ा लक्ष्य है, जो भारत को क्वांटम जंप देने वाला है- वो है ग्रीन हाइड्रोजन का क्षेत्र। मैं आज तिरंगे की साक्षी में नेशनल हाईड्रोजन मिशन की घोषणा कर रहा हूं।
सैनिक स्कूलों में लड़कियां भी ले सकेंगी एडमिशन- मोदी
पीए मोदी ने कहा कि अब सैनिक स्कूलों में देश की बेटियां भी एडमिशन ले सकेंगी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह देश के लिए गौरव की बात है कि शिक्षा हो या खेल, बोर्ड्स के नतीजे हों या ओलपिंक का मेडल, हमारी बेटियां आज अभूतपूर्व प्रदर्शन कर रही हैं। आज भारत की बेटियां अपना स्पेस लेने के लिए आतुर हैं। दो-ढाई साल पहले मिजोरम के सैनिक स्कूल में पहली बार बेटियों को प्रवेश देने का प्रयोग किया गया था। अब सरकार ने तय किया है कि देश के सभी सैनिक स्कूलों को देश की बेटियों के लिए भी खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज मैं एक खुशी देशवासियों से साझा कर रहा हूं। मुझे लाखों बेटियों के संदेश मिलते थे कि वो भी सैनिक स्कूल में पढ़ना चाहती हैं, उनके लिए भी सैनिक स्कूलों के दरवाजे खोले जाएं।