Homeप्रमुख खबरेंअब किसानों को टोकन के माध्यम से निश्चित तारीख पर होगा खाद...

अब किसानों को टोकन के माध्यम से निश्चित तारीख पर होगा खाद का वितरण

संभाग आयुक्त ने वर्चुअल बैठक के माध्यम से अधिकारियों को दिए निर्देश

ग्वालियर / संभागीय आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने ग्वालियर एवं चंबल संभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रबी फसल के लिए किसानों को खाद मिलने में कोई कठिनाई न हो। इसलिए अधिकारी ऐसी व्यवस्था बनायें कि किसानों को आसानी से खाद मिल जाए। आयुक्त श्री सक्सेना ने बुधवार को गूगल मीट के माध्यम से दोनों संभागों के अधिकारियों को यह निर्देश दिए। गूगल मीट में उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस बीट सिस्टम बनाने, कोरोना टीकाकरण का दूसरा डोज तथा जनसुनवाई की भी समीक्षा की। इस अवसर पर जिलों के कलेक्टर, कृषि, सहकारिता, मार्कफेड, सहकारी बैंक, स्वास्थ्य विभाग तथा पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
ग्वालियर एवं चंबल संभाग के आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने निर्देश दिए कि खाद वितरण केन्द्रों पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए। ये अधिकारी वितरण केन्द्रों पर खाद लेने के लिये आए हुए किसानों से खाद का मांगपत्र लें, जिसमें रकबा, फसल का नाम, खाद की आवश्यकता तथा मोबाइल नम्बर आदि जानकारी रहे। उन्होंने निर्देशित किया कि मांग पत्र पर नम्बरिंग करें और टोकन दें। उसी के अनुसार निश्चित तारीख पर किसानों को खाद लेने के लिये बुलाया जाए। इससे वितरण केन्द्र पर भीड़ नहीं होगी। किसानों को खाद आसानी से मिल जायेगा तथा प्रशासन को भी वितरण में कठिनाई नहीं होगी। श्री सक्सेना ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संचालक कृषि के संपर्क में रहें तथा खाद की रैक आने का पता करते रहें। इसी प्रकार प्रशासन के अधिकारी संयुक्त संचालक कृषि के संपर्क में रहें एवं खाद आने की जानकारी लेते रहें।
आयुक्त श्री सक्सेना ने पुलिस के बीट सिस्टम के संबंध में निर्देश दिए कि प्रत्येक मंगलवार को प्रात: 11 बजे से दोपहर एक बजे तक निर्धारित स्थान पर पुलिस का बीट प्रभारी, पटवारी तथा पंचायत सचिव बैठें। वे आपसी विवादों को समझौते के द्वारा निपटायें। इस व्यवस्था को जनसुनवाई से जोड़ा जाए। कोरोना टीकाकरण के बारे में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोविड-19 टीका का दूसरा डोज लगाने में तेजी लाई जाए तथा इसका परिणाम दिखना चाहिए। उन्होंने इस अवसर पर जनसुनवाई की भी समीक्षा की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments