Homeमध्यप्रदेशपंचतत्व में विलीन हुई सुब्बाराव की पार्थिव देह मुख्यमंत्री ने व्यक्त की...

पंचतत्व में विलीन हुई सुब्बाराव की पार्थिव देह मुख्यमंत्री ने व्यक्त की श्रद्धाजंलि

मुरैना जिले के जौरा में गांधी आश्रम में शांति दूत डॉ. एसएन सुब्बाराव पंचतत्व में विलीन हो गए। डॉ. सुब्बाराव को उनके बहनोई ईश्वर जॉइस ने मुखाग्नि दी। इससे पहले उन्हें सलामी दी गई। बेंगलुरू से उनकी भांजी रजनी बहन भी आई थीं। रजनी पिछले 2 साल से सुब्बाराव की सेवा कर रही थीं। इससे पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डॉ. सुब्बाराव को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ कांग्रेस के पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, सतीश सिकरवार, राकेश मावई और विधायक भी पहुंचे। सोनिया गांधी के प्रतिनिधि अजय माकन ने भी श्रद्धांजलि दी। भाजपा की तरफ से पूर्व मंत्री रुस्तम सिंह पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने डॉ. एस.एन. सुब्बाराव को श्रद्धांजलि अर्पित की

कहा कि स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण मैं अंत्येष्टि में नहीं जा पा रहा

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गांधीवादी पद्मश्री डॉ. एस.एन. सुब्बाराव के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास पर मीडिया को दिए संदेश में कहा कि श्रद्धेय भाईजी नहीं रहे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज-सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी। वे महात्मा गांधी के सच्चे अनुयायी थे। कमजोर बहनों और भाइयों की सेवा में अंतिम साँस तक लगे रहे। विशेषकर जनजातीय भाई-बहनों की सेवा में उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। डकैतों के आंतक से गूँजते चंबल क्षेत्र में श्रद्धेय श्री सुब्बाराव भाई जी ने 14 अप्रैल 1972 को 654 डकैतों को गांधी जी के चित्र के सामने हथियार डालकर आत्म-समर्पण करने के लिए प्रेरित किया था। स्वर्गीय श्री जयप्रकाश नारायण तथा सुश्री प्रभा देवी भी उस अवसर पर मौजूद थी। आतंक के पर्याय डकैतों को हिंसा से अहिंसा के रास्ते पर लाकर हथियार डलवा देना अपने आप में डॉ. सुब्बाराव के प्रभाव और व्यक्तित्व की कहानी कहता है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि डॉ. सुब्बाराव नि:स्वार्थ भाव से काम करते थे और जहाँ जाते थे, अपनी अलग छाप छोड़ते थे। नौजवानों में देशभक्ति का भाव भरने के लिए उन्होंने आजीवन प्रयास किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्मरण किया कि जब हमने नर्मदा सेवा यात्रा निकाली, उस यात्रा में भी श्रद्धेय भाई जी सम्मिलित हुए थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार जौरा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। ऐसे समाजसेवी और लोगों की सेवा करने वाले भाईजी के चरणों में मैं श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूँ।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण मैं अंत्येष्टि में नहीं जा पा रहा हूँ। उनके विचारों और कार्यों को आगे बढ़ाने में मध्यप्रदेश सरकार सदैव प्रयत्न करती रहेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments