प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक के मामले पर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को सुनवाई करेगा. बुधवार को पंजाब के फ़िरोज़पुर में एक रैली करने गए पीएम मोदी के काफ़िले को 10-15 मिनट तक रास्ते में रुकना पड़ा था.
गृह मंत्रालय का कहना है कि सुरक्षा में भारी चूक के कारण प्रधानमंत्री रैली में नहीं जा सके. हालाँकि पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी का कहना था कि पीएम की सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई थी और जो समस्या आई, वो आख़िरी मिनट में उनके कार्यक्रम में बदलाव के कारण आई.सीनियर एडवोकेट मनिंदर सिंह ने मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट इस याचिका पर तत्काल सुनवाई करे. उन्होंने मांग की है कि इस मामले की जाँच होनी चाहिए ताकि ऐसा दोबारा न हो.