उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. योगी आदित्यनाथ का कहना है कि सपा ने इस बार राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) से हाथ मिलाया है लेकिन फिर से अराजकता, गुंडागर्दी और माफ़ियागिरी को बढ़ावा दे रही है.
उन्होंने कहा, ”सपा और रालोद गठबंधन ने आगामी विधानसभा चुनाव की पहली सूची में अपना चरित्र दिखा दिया है. सपा ने एक बार फिर यूपी चुनाव में अपराधियों और दंगाइयों को टिकट दिया है.”
मुख्यमंत्री का आरोप है कि लोनी विधानसभा से सपा-रालोद गठबंधन का टिकट हासिल करने वाले मदन भैया की गिनती माफ़ियाओं में होती है. उन्होंने कहा, ”मदन भैया का नाम माफ़ियाओं की लिस्ट में है लेकिन ये शायद अखिलेश यादव और जयंत चौधरी भूल गए हैं. मदन भैया पर साल 1982 से लेकर 2021 तक 31 मुक़दमे दर्ज़ हैं जिसमें हत्या तक के भी मामले हैं.”
नाहिद हसन को टिकट दिए जाने को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा है कि हसन पर शामली और सहारनपुर ज़िलों में 17 मामले दर्ज़ हैं. उन्होंने आगे कहा, ”इसी तरह बुलंदशहर से टिकट हासिल करने वाले हाज़ी यूनुस पर 23 आपराधिक मामले हैं.”
ऐसे में योगी आदित्यनाथ का कहना है कि अखिलेश यादव ने ऐसे टिकट बांटकर साफ़ कर दिया है कि समाजवादी पार्टी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश को सांप्रदायिक आग में झोंकने को तैयार है. वहीं बीजेपी की पहली सूची को योगी आदित्यनाथ ने ‘सामाजिक न्याय’ का प्रतीक बताया है.
बता दें कि शनिवार को बीजेपी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पहली सूची जारी की है. राज्य में सात चरणों में चुनाव होंगे. पहले चरण का चुनाव 10 फरवरी और आखिरी चरण का चुनाव 7 मार्च को होगा. नतीजे 10 मार्च को आएंगे.