नई दिल्ली 22अगस्त /भारतीय रेलवे ने गणेश पूजा पर यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए 380 गणपति स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। यह अब तक की सबसे अधिक संख्या है। मध्य रेलवे सबसे ज्यादा 296 सेवाएं संचालित करेगा, जबकि पश्चिमी रेलवे कोंकण रेलवे और दक्षिण पश्चिम रेलवे भी यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाएंगे।
गणेश पूजा पर रेलवे का बड़ा ऐलान
गणपति उत्सव को लेकर भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। इस साल रेलवे ने 380 गणपति स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। यह अब तक की सबसे अधिक संख्या है। 2023 में 305 और 2024 में 358 गणपति स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं। लेकिन 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 380 हो गया है।
कब से चल रही हैं ट्रेनें?
त्योहार की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 11 अगस्त से ही गणपति स्पेशल ट्रेनें शुरू कर दी थीं। 27 अगस्त से 6 सितंबर 2025 तक चलने वाले गणेश उत्सव (Ganesh Utsav 2025) के दौरान यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए इनकी संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है।
सबसे ज्यादा सेवाएं मध्य रेलवे से
-
मध्य रेलवे (Central Railway) महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र में सबसे अधिक 296 सेवाएं संचालित करेगा।
-
पश्चिमी रेलवे (Western Railway) 56 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा।
-
कोंकण रेलवे (Konkan Railway – KRCL) 6 सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
-
दक्षिण पश्चिम रेलवे (South Western Railway) 22 गणपति स्पेशल ट्रेनें चलाएगा।
कोंकण रेलवे पर खास
कोंकण रेलवे की ट्रेनें कोलाड, इंदापुर, मानगांव, वीर, खेड़, चिपलुन, रत्नागिरी, कणकवली, सिंधुदुर्ग, सावंतवाड़ी रोड, थिविम, मडगांव जंक्शन, कारवार, उडुपी, सुरथकल समेत कई स्टेशनों पर रुकेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए गणपति स्पेशल ट्रेनों की विस्तृत समय-सारणी आईआरसीटीसी (IRCTC) वेबसाइट, रेलवन ऐप (RailYatri App) और कंप्यूटरीकृत पीआरएस काउंटर पर उपलब्ध है।
यात्रियों के लिए सुरक्षित यात्रा का वादा
भारतीय रेलवे ने कहा कि वह यात्रियों को सुरक्षित (Safe), आरामदायक और समय पर यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, खासकर त्योहारों के दौरान जब यात्रा की मांग सबसे ज्यादा होती है।