नई दिल्ली: आईएएएफ विश्व अंडर 20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारत की पहली महिला हिमा दास के एक वीडियो को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है। वीडियो में हिमा दास को दौड़ते हुए, जीतते हुए और फिर राष्ट्रगान के समय भावुक होते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को ट्वीट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, ‘हिमा दास की जीत से अविस्मरणीय क्षण।’
पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘हिमा दास की जीत से अविस्मरणीय क्षण। जीतने के तुरंत बाद तिरंगे को जुनूनी रूप से खोजते हुए देखना और राष्ट्रगान गाते हुए उसका भावुक होना मुझे अंदर तक छू गया। मैं बेहद भावुक हो गया। इसे देख किस भारतीय को खुशी के आंसू नहीं आएंगे!
युवा एथलीट हिमा दास AIFF अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। हिमा ने इस चैंपियनशिप में 400 मीटर दौड़ का गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
विश्व स्तर पर दुर्लभ उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय बनने के बाद असम के नागांव जिले के कंधुलिमारी गांव के किसान माता-पिता की 18 साल की बेटी तुरंत देश की आंखों की तारा बन गई। जब पूरे देश में उसकी अविश्वसनीय उपलब्धि का जश्न मनाया गया। मेडल हासिल करने के बाद जब राष्ट्रगान बजाया गया तो हिमा अपने आंसू नहीं रोक पाई।
इससे पहले पीएम मोदी ने ट्वीट कर हिमा को बधाई भी दी थी। उन्होंने लिखा, ‘भारत एथलीट हिमा दास के लिए प्रसन्न है और उसे गर्व है, हिमा ने वर्ल्ड U 20 चैंपियनशिप की 400 मीटर रेस में ऐतिहासिक स्वर्ण जीता। उसे बधाई! यह उपलब्धि आने वाले सालों में युवा एथलीटों को निश्चित रूप से प्रेरित करेगी।’