ग्वालियर 17 मई 2026/एक तरफ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने ग्वालियर में कहा कहा, भोजशाला एक ASI (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) द्वारा संरक्षित स्मारक है. तो दूसरी ओर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने उन पर तीखा तंज कसा है. शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा राजा साहब आपको आपके खुदा की कसम कभी भविष्य में भोजशाला में मां वागेश्वरी के दर्शन करने तो नहीं जाएंगे?”
दिग्विजय सिंह आज एक दिवसीय दौरे पर ग्वालियर पहुंचे. यहां उन्होंने धार के चर्चित भोजशाला विवाद पर अपनी महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया दी. दिग्विजय सिंह ने कहा, भोजशाला मामला अब एक बहुत ही संवेदनशील मोड़ पर पहुंच चुका है. उनके अनुसार, इस मुद्दे पर अब अंतिम फैसला सुप्रीम कोर्ट को ही लेना चाहिए.
पूजा होगी या इबादत…
दिग्विजय सिंह ने कहा, भोजशाला एक ASI (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) द्वारा संरक्षित स्मारक है. उन्होंने कहा कि यह तय करना कि वहां पूजा होगी या इबादत, पूरी तरह से कोर्ट के दायरे में आता है. उन्होंने समाज में शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि हिंदू-मुसलमान के नाम पर तनाव बढ़ाना उचित नहीं है.
उस रिपोर्ट में नहीं था मंदिर का उल्लेख
दिग्विजय सिंह ने पूजा-पाठ पर सवाल उठाते हुए कहा कि उमा भारती के शासन काल में वकील ने कोर्ट में ASI की रिपोर्ट दी थी, जिसमे उल्लेख था कि भोजशाला में मंदिर होने के कहीं प्रमाण नहीं मिले हैं. पूर्व मुख्यमंत्री ने इस विवाद की तुलना देश के अन्य चर्चित धार्मिक विवादों से भी की. उन्होंने वाराणसी के ज्ञानवापी, संभल की मस्जिद और मथुरा-वृंदावन विवाद का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि ऐसे कई मामले पहले से ही कोर्ट में लंबित हैं.
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कसा तंज
दिग्विजय सिंह के इन बयानों पर अब राजनीतिक पलटवार शुरू हो गया है. बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने उन पर तीखा तंज कसा है. शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा
राजा साहब आपको आपके खुदा की कसम कभी भविष्य में भोजशाला में मां वागेश्वरी के दर्शन करने तो नहीं जाएंगे?”
बता दें कि इसी तरह दिग्विजय सिंह ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि के फैसले पर भी आपत्ति उठाई थी फिर कुछ दिन पहले ही वह श्रीराम के दर्शन करने पहुंचे थे.